कौन है नकुल गांधी? जो अमेरिका में बैठकर दिल्ली में लड़ेंगे कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दिपके का केस

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के अध्यक्ष अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देकर पार्टी का 'एक्स' अकाउंट ब्लॉक किए जाने के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर की है.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

सोशल मीडिया पर तूफान मचाने वाले 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) आंदोलन और केंद्र सरकार के बीच का विवाद अब देश की दहलीज लांघकर अदालत के कमरों तक पहुंच गया है. केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देते हुए इस डिजिटल संगठन के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने के बाद, पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. इस कानूनी जंग में पार्टी की पैरवी देश के एक बेहद नामचीन वकील करने जा रहे हैं.

दिल्ली हाई कोर्ट में कॉकरोच जनता पार्टी की तरफ से प्रसिद्ध लॉ फर्म 'एनजी लॉ चेंबर्स' के वरिष्ठ वकील नकुल गांधी कानूनी मोर्चा संभालेंगे. नकुल गांधी ने साल 2012 में एमिटी यूनिवर्सिटी, नोएडा से वकालत की डिग्री हासिल की थी और वे 'करंजावाला एंड कंपनी' जैसी देश की शीर्ष कानूनी संस्थाओं में काम कर चुके हैं. सुप्रीम कोर्ट से लेकर बॉम्बे, कलकत्ता और दिल्ली हाई कोर्ट सहित देश के कई विशेष न्यायाधिकरणों में प्रैक्टिस करने वाले गांधी इस मामले को आगे बढ़ाएंगे.

सरकार पर लोकप्रियता से डरने का आरोप

अमरीका में रहकर बोस्टन यूनिवर्सिटी से पढ़ाई करने वाले और पूर्व में आम आदमी पार्टी से जुड़े रहे अभिजीत दीपके ने सरकार की इस डिजिटल कार्रवाई पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं के बीच पार्टी की तेजी से बढ़ती लोकप्रियता और पैठ से बुरी तरह घबरा गई है. दीपके ने कहा कि उनके अकाउंट को पहले हैक करने की कोशिश की गई और जब वह नाकाम रहे, तो कानूनी प्रतिबंध लगा दिया गया. हालांकि, उन्होंने 'एक्स' पर एक नया बैकअप अकाउंट बना लिया है.

इंस्टाग्राम अकाउंट भी हुआ पूरी तरह हैक

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर करीब 1 करोड़ 90 लाख से भी अधिक फॉलोअर्स रखने वाले इस संगठन के मुख्य पेज को लेकर भी शनिवार को एक नया संकट खड़ा हो गया. अभिजीत दीपके ने एक अन्य पोस्ट में यह गंभीर दावा किया कि उनका व्यक्तिगत इंस्टाग्राम हैंडल और पार्टी का मुख्य पेज दोनों ही पूरी तरह हैक कर लिए गए हैं. उन्होंने अपने समर्थकों को सचेत किया है कि फिलहाल उनकी टीम इन सोशल मीडिया अकाउंट्स का संचालन नहीं कर पा रही है.

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग से बढ़ा तनाव

इस विवाद के अचानक इतना उग्र होने के पीछे का कारण नीट-यूजी (NEET-UG) परीक्षा में कथित पेपर लीक का मामला बताया जा रहा है. दरअसल, कॉकरोच जनता पार्टी ने देश के शिक्षा क्षेत्र में बढ़ती नाकामियों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए शुक्रवार को एक देशव्यापी ऑनलाइन अभियान छेड़ा था. इसके तुरंत बाद ही दीपके ने दावा किया कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं, जिसके स्क्रीनशॉट भी उन्होंने सार्वजनिक किए.

चीफ जस्टिस की टिप्पणी से हुआ था जन्म

गौरतलब है कि इस अनोखी पार्टी का जन्म भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत की 15 मई को अदालत में की गई एक मौखिक टिप्पणी के बाद हुआ था, जिसमें उन्होंने फर्जी डिग्री वाले वकालत करने वालों को समाज का 'परजीवी' और 'कॉकरोच' कहा था. इसके अगले ही दिन 16 मई को यह व्यंग्यात्मक राजनीतिक पार्टी अस्तित्व में आ गई. इस आंदोलन को देश के बेरोजगार युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और कलाकारों का बहुत कम समय में एकतरफा और भारी समर्थन मिला है.