menu-icon
India Daily

कॉकरोच जनता पार्टी ने 24 जुलाई को देशभर में विरोध प्रदर्शन का किया ऐलान, छात्रों से की बड़ी संख्या में जुटने की अपील

CJP ने छात्रों के विभिन्न मुद्दों को लेकर 24 जुलाई को पूरे देश में बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है. पार्टी ने खासतौर पर छात्रों और युवाओं से बड़ी संख्या में इस आंदोलन में शामिल होने की अपील की है.

antima
Edited By: Antima Pal
कॉकरोच जनता पार्टी ने 24 जुलाई को देशभर में विरोध प्रदर्शन का किया ऐलान, छात्रों से की बड़ी संख्या में जुटने की अपील
Courtesy: X

CJP Nationwide Protest: कॉकरोच जनता पार्टी ने छात्रों के विभिन्न मुद्दों को लेकर 24 जुलाई को पूरे देश में बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है. पार्टी ने खासतौर पर छात्रों और युवाओं से बड़ी संख्या में इस आंदोलन में शामिल होने की अपील की है.

CJP ने 24 जुलाई को देशभर में विरोध प्रदर्शन का किया ऐलान

पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्रों की अन्य मांगों को लेकर यह प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है. फिलहाल दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों का धरना-प्रदर्शन जारी है. इसी बीच CJP ने गुरुवार को यह बड़ा ऐलान किया. पार्टी का कहना है कि यह प्रदर्शन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को भी मजबूत करेगा.

'हर जिले में एक दिन, एक मांग'

CJP ने एक डिजिटल पोस्टर और पर्चे के जरिए इस जानकारी को सोशल मीडिया पर पंफलेट शेयर किया है. इसमें साफ तौर पर लिखा है – 'Every District. One Day. One Demand.' यानी हर जिले में एक दिन, एक मांग. पार्टी ने हर जिले में 24 जुलाई को शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अपील की है.

CJP का जोर- शांतिपूर्ण तरीके से हो पूरा प्रदर्शन

संगठन ने छात्र संगठनों, युवा समूहों और सामाजिक संगठनों से स्थानीय स्तर पर अनुमति लेने और जरूरी व्यवस्थाएं करने को कहा है. CJP का जोर है कि पूरा प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से हो. प्रदर्शन के दौरान छात्रों की मांगों को सार्वजनिक रूप से पढ़ा जाएगा और पुलिस कार्रवाई का शिकार हुए युवाओं के साथ एकजुटता जताई जाएगी.

पार्टी की मुख्य अपील

CJP ने लोगों से आह्वान किया है कि वे बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरें लेकिन किसी भी प्रकार की हिंसा से दूर रहें. संगठन की वेबसाइट पर प्रदर्शन से जुड़ा पूरा स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर, प्रचार सामग्री और ज्ञापन का प्रारूप उपलब्ध कराया गया है. इससे स्थानीय स्तर पर आयोजन करने वालों को आसानी होगी.

पोस्टर में दो बड़े नारे दिए गए हैं – 'इंकलाब जिंदाबाद' और 'भारत माता की जय'. पार्टी ने कहा है कि यह आंदोलन सिर्फ एक दिन का नहीं बल्कि छात्रों के लंबे समय से चले आ रहे मुद्दों को उठाने का माध्यम है. पेपर लीक की घटनाओं ने पूरे देश के छात्रों में गुस्सा पैदा किया है. कई राज्यों में परीक्षाएं रद्द हुई हैं या देरी से हो रही हैं, जिससे छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है.