menu-icon
India Daily

'72 घंटों से सोए नहीं, डर है कहीं बेटा गिरफ्तार न हो जाए', कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर के माता-पिता

अभिजीत दिपके ने 'कॉकरोच जनता पार्टी' बनाकर NEET पेपर लीक के खिलाफ ऑनलाइन अभियान शुरू किया है और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की है. उनके इस एक्टिविज्म से माता-पिता कानूनी कार्रवाई के डर से काफी चिंतित हैं.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
'72 घंटों से सोए नहीं, डर है कहीं बेटा गिरफ्तार न हो जाए', कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर के माता-पिता
Courtesy: social media

कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दिपके ने अपना सोशल मीडिया पेज बनाने के महज सात दिन बाद ही पहली ऑनलाइन याचिका लॉन्च कर दी है. इस पिटिशन के जरिए वे NEET पेपर लीक विवाद को लेकर भारत के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं.

अभिजीत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर कर लोगों से इस पिटीशन का समर्थन करने और साइन करने की अपील की है ताकि सिस्टम की नाकामियों के खिलाफ आवाज उठाई जा सके. इस डिजिटल आंदोलन को तब हवा मिली जब कथित तौर पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान कुछ बेरोजगार युवाओं के संदर्भ में 'कॉकरोच' शब्द का इस्तेमाल हुआ. इसके विरोध में अभिजीत ने 'कॉकरोच जनता पार्टी' नाम से यह ऑनलाइन विरोध शुरू किया है.

माता-पिता में है डर

दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर अभिजीत की इस अचानक बढ़ी लोकप्रियता से उनके माता-पिता बेहद डरे और परेशान हैं. महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में रहने वाले उनके पिता भगवान दिपके और मां अनीता दिपके ने एक मराठी न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में अपना डर जाहिर किया है. उन्होंने कहा कि उन्हें डर है कि इस एक्टिविज्म की वजह से उनका बेटा किसी कानूनी मुसीबत में न फंस जाए या उसकी गिरफ्तारी न हो जाए. पिता ने बताया कि तनाव और डर के मारे वे पिछले दो दिनों से ठीक से सो भी नहीं पाए हैं वहीं मां ने कहा कि वे कभी नहीं चाहती थीं कि उनका बेटा राजनीति में आए.

96% फॉलोअर्स भारत से

सोशल मीडिया पर यह दावा भी किया जा रहा था कि इस पार्टी के ज्यादातर फॉलोअर्स पाकिस्तान, बांग्लादेश और अमेरिका जैसे देशों से हैं. हालांकि संगठन ने साफ किया कि उनके करीब 96% फॉलोअर्स भारत के ही हैं. हाल ही में 1.9 लाख फॉलोअर्स का आंकड़ा पार करने के बाद CJP का असली 'एक्स' अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया था. इसके तुरंत बाद 'कॉकरोच इज बैक' नाम से एक नया अकाउंट बनाया गया जिसका नारा है 'कॉकरोच कभी मरते नहीं'. अभिजीत ने यह भी दावा किया कि उनके इंस्टाग्राम अकाउंट को भी हैक करने की कोशिश की गई थी.

बेरोजगारों की आवाज है पार्टी

यह पार्टी खुद को बेरोजगार और अनदेखे नागरिकों की राजनीतिक आवाज बताती है. इसका स्लोगन 'सेक्युलर, सोशलिस्ट, डेमोक्रेटिक, लेजी है और इसमें शामिल होने के लिए बेरोजगार और सोशल मीडिया पर एक्टिव होने जैसी मजेदार योग्यताएं रखी गई हैं. अभिजीत फिलहाल बोस्टन यूनिवर्सिटी से पढ़ाई कर रहे हैं और पहले आम आदमी पार्टी के लिए सोशल मीडिया स्ट्रैटजिस्ट के तौर पर काम कर चुके हैं.