CM Vijay Net Worth: 230 करोड़ बैंक में, 100 करोड़ की FD... जानिए कितनी संपत्ति के मालिक हैं CM विजय
तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री थलपति विजय ने राजनीति में नई पारी शुरू कर दी है. फिल्मी दुनिया के सुपरस्टार विजय अब राज्य के सीएम के रूप में कमान संभालेंगे. उनकी कुल संपत्ति 648 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है.
नई दिल्ली: रविवार को अभिनेता से नेता बने थलपति विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में पद की शपथ ली. चेन्नई में आयोजित समारोह में विजय ने पद और गोपनीयता की शपथ लेकर अपनी राजनीतिक पारी की औपचारिक शुरुआत की. लंबे समय तक तमिल सिनेमा के सुपरस्टार रहे विजय अब पूरी तरह राजनीति पर ध्यान देंगे. राजनीति में आने से पहले ही विजय दक्षिण भारत के सबसे अमीर कलाकारों में गिने जाते रहे हैं और उनकी संपत्ति करोड़ों में बताई जाती है.
थलपति विजय का असली नाम जोसेफ विजय चंद्रशेखर है. उन्होंने तमिल सिनेमा में कई सुपरहिट फिल्मों के जरिए बड़ी पहचान बनाई. अब उन्होंने अभिनय से दूरी बनाकर राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने का फैसला किया है. मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय तमिलनाडु की नई सरकार का नेतृत्व करेंगे. उनके समर्थक इसे राज्य की राजनीति में नए दौर की शुरुआत मान रहे हैं.
मुख्यमंत्री के तौर पर कितनी मिलेगी सैलरी
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में विजय को हर महीने करीब 2.85 लाख रुपये वेतन मिलेगा. इसके अलावा उन्हें कई सरकारी भत्ते और सुविधाएं भी मिलेंगी. विधायक के तौर पर मिलने वाले लाभ भी इसमें शामिल होंगे. हालांकि विजय की असली कमाई फिल्मों और दूसरे निवेशों से होती रही है, जहां उनकी फीस एक फिल्म के लिए करोड़ों रुपये तक पहुंचती रही है.
648 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति
चुनावी हलफनामे के मुताबिक, थलपति विजय की कुल चल और अचल संपत्ति करीब 648 करोड़ रुपये आंकी गई है. उनके ऊपर लगभग 7 करोड़ रुपये का कर्ज भी बताया गया है. बैंक खातों में विजय ने बड़ी रकम जमा कर रखी है. उनके विभिन्न खातों में 230 करोड़ रुपये से अधिक मौजूद हैं. इसके अलावा चुनाव के समय उनके पास करीब 2 लाख रुपये नकद भी थे.
बैंक FD से हर महीने लाखों की कमाई
विजय ने अलग-अलग बैंकों में करीब 100 करोड़ रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट करा रखी है. जानकारी के अनुसार, SBI में 15 करोड़, Axis Bank में 40 करोड़, HDFC Bank में 20 करोड़ और Indian Overseas Bank में 25 करोड़ रुपये जमा हैं. इन FD से विजय को हर महीने करीब 54 लाख रुपये ब्याज के तौर पर मिलते हैं. यही वजह है कि उन्हें दक्षिण भारत के सबसे अमीर सितारों में गिना जाता है.
शेयर बाजार और जेवरों में भी निवेश
थलपति विजय ने शेयर बाजार में भी निवेश किया हुआ है. हालांकि यह निवेश उनकी बैंक FD की तुलना में काफी कम है. उनके पोर्टफोलियो में जया नागा प्रॉपर्टी, इंडियन ओवरसीज और सन पेपर मिल जैसी कंपनियों के शेयर शामिल हैं. वहीं विजय और उनकी पत्नी संगीता के पास करोड़ों रुपये के गहने और हीरे भी हैं. चुनावी हलफनामे के अनुसार, दोनों के पास कुल मिलाकर करीब 6 करोड़ रुपये से ज्यादा के आभूषण मौजूद हैं.