'देश को बचाने के लिए जेल जाना छोटी बात', बेल खत्म होने पर क्या बोले अरविंद केजरीवाल
Arvind Kejriwal News: बेल खत्म होने और सरेंडर करने से पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का एक वीडियो सामने आया है. इसमें उन्होंने कहा की वो संविधान की रक्षा के लिए जेल जा रहे हैं. वो देश को तानाशाही से बचाना चाहते हैं.
Arvind Kejriwal Video: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत की अवधि खत्म हो रही है. अब वो तिहाड़ में जाकर 2 जून को समर्पण कर देंगे. इससे पहले उन्होंने जनता के नाम एक संदेश दिया है. 4 मिनट के वीडियो मैसेज में केजरीवाल ने कहा कि वो संविधान और देश को तानाशाही से बचाने के लिए जेल जा रहे हैं. हालांकि, ये भी कोई बड़ी बात नहीं है देश के लिए जेल क्या, जान भी दी जा सकती है.
बता दें शराब नीति घोटाले, मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों के मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ED ने 21 मार्च को गिरफ्तार किया था. 10 मई को सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें 21 दिन यानी 1 जून तक की अंतरिम जमानत दी थी. अब वो 2 जून को तिहाड़ जेल में सरेंडर करने वाले हैं.
वीडियो किया जारी
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अंतरिम जमानत अवधि खत्म होने से पहले 4 मिनट का वीडियो जारी किया है. इस 4 मिनट 5 सेकेंड के वीडियो में उन्होंने बड़ा भावुक संदेश दिया है. सबसे पहले उन्होंने सभी युवाओं से अपने माता पिता का ख्याल रखने की अपील करते हुए केंद्र सरकार और BJP पर निशाना साधा है.
Also Read
दुखी मत होना
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हम सब मिलकर तानाशाही से लड़ रहे हैं. अगर देश को बचाने के लिए मुझे कुछ हो जाए, अगर मेरी जान भी चली जाए, तो दुखी मत होना. मुझे नहीं पता कि इस बार ये लोग मुझे कितने दिन जेल में रखेंगे लेकिन मेरा हौसला बुलंद है. मुझे गर्व है कि मैं देश को तानाशाही से बचाने के लिए जेल जा रहा हूं. उन्होंने तोड़ने, झुकाने, चुप कराने की कोशिश की लेकिन वे सफल नहीं हुए.
जनता को दिलाया भरोसा
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उनकी अनुपस्थिति में दिल्ली सरकार काम करती रहेगी. आपकी मुफ्त बिजली, मोहल्ला क्लीनिक, अस्पताल, मुफ्त दवाइयां, इलाज, महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा, 24 घंटे बिजली और अन्य सभी काम जारी रहेंगे. वापस आने के बाद मैं हर मां-बहन को हर महीने 1000 रुपये देना भी शुरू करूंगा.