menu-icon
India Daily

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़ी CJP, जंतर-मंतर का आंदोलन जारी रखने का ऐलान

दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी विरोध प्रदर्शन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को गैर-समझौता योग्य बताते हुए आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है. वहीं केंद्र सरकार ने कहा है कि पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे पर राजनीति नहीं, बल्कि संसद में व्यापक चर्चा होनी चाहिए.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़ी CJP, जंतर-मंतर का आंदोलन जारी रखने का ऐलान
Courtesy: ANI

राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी विरोध प्रदर्शन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी ने अपना रुख और सख्त कर दिया है. पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने स्पष्ट किया कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा उनकी सबसे प्रमुख मांग है और इस पर किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि जब तक यह मांग पूरी नहीं होती, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा.

सौरव दास ने कहा कि आंदोलन छात्रों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े गंभीर सवालों को लेकर किया जा रहा है. उनका दावा है कि यह विरोध पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा और प्रदर्शनकारी अनुशासन बनाए रखेंगे.

सोनम वांगचुक से कई बार हुई बातचीत

सौरव दास ने बताया कि उनकी सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से दिन भर में कई बार बातचीत हुई. दोनों इस बात पर सहमत रहे कि आंदोलन किसी भी स्थिति में शांतिपूर्ण रहना चाहिए. उन्होंने कहा कि वांगचुक ने भी सार्वजनिक रूप से सभी प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने की अपील की है. दास ने आरोप लगाया कि पहले भी कई आंदोलनों के दौरान असामाजिक तत्वों की घुसपैठ कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई, जिससे शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वालों को बदनाम किया गया. उन्होंने कहा कि इस बार ऐसी किसी भी स्थिति से बचने के लिए प्रदर्शनकारी पूरी सतर्कता बरत रहे हैं.

जेपी नड्डा पर साधा निशाना

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा की प्रेस वार्ता पर प्रतिक्रिया देते हुए सौरव दास ने कहा कि आंदोलन को राजनीति से जोड़ना उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर लोग पिछले एक महीने से अधिक समय से अपनी मांगों को लेकर बैठे हैं और उनकी बातों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए. उन्होंने दोहराया कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा उनकी प्राथमिक मांग है और इसके पूरा होने तक आंदोलन समाप्त नहीं होगा. उधर जेपी नड्डा ने कहा कि पेपर लीक का मामला बेहद गंभीर है और इसका राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार संसद में एनईईटी यूजी पेपर लीक से जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा करने के लिए तैयार है.