जम्मू-कश्मीर के कठुआ में CISF कर्मी ने कैंप में चलाई गोलियां, 4 जवानों की मौत
जम्मू-कश्मीर के कठुआ में सेवा हाइडल पावर प्रोजेक्ट के CISF कैंप में फायरिंग की घटना हुई. एक जवान की गोलीबारी में चार CISF कर्मियों की मौत हो गई.
Kathua CISF Camp Firing: कठुआ जिले के बसोहली इलाके में CISF कैंप में मंगलवार को फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक एक CISF जवान ने अपने साथियों पर गोली चला दी. घटना में चार कर्मियों की जान गई. CISF ने मामले की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दिए हैं.
फायरिंग में चार CISF कर्मियों की मौत
यह घटना कठुआ के बसोहली और हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले की सीमा के पास स्थित सेवा हाइडल पावर प्रोजेक्ट में हुई. मृतकों में असिस्टेंट कमांडेंट अंकित कुमार पांडे, सब-इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह, कॉन्स्टेबल संजीव कुमार और कॉन्स्टेबल मोहम्मद रफीक शामिल हैं. रिपोर्ट के मुताबिक गोली चलाने वाला जवान CISF का ही सदस्य था और उसे पकड़ लिया गया है. घटना के पीछे की सही वजह अभी साफ नहीं हुई है. पुलिस और CISF की टीमें मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही हैं.
ड्यूटी बदलने के दौरान विवाद की बात सामने आई
शुरुआती जानकारी में ड्यूटी बदलने के समय जवानों के बीच किसी बात को लेकर बहस होने की बात सामने आई है. हालांकि अधिकारियों की जांच पूरी होने से पहले इसे घटना का अंतिम कारण नहीं माना जा सकता. शुरुआती तौर पर मामले को आपसी गोलीबारी की घटना के रूप में देखा जा रहा है. कठुआ जिला पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची है. CISF मुख्यालय ने पूरे मामले की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दिए हैं. CISF के महानिदेशक घटना की निगरानी कर रहे हैं.
Also Read
हिमाचल सीमा के पास है घटना वाली जगह
सेवा प्रोजेक्ट कठुआ जिले के दूरदराज इलाके में स्थित है और इसकी पहुंच हिमाचल प्रदेश के रास्ते से भी होती है. यह जगह चंबा जिले के करीब है. घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की गई. अधिकारियों का कहना है कि गोलीबारी की परिस्थितियों और इसके पीछे की वजह का पता जांच पूरी होने के बाद ही चलेगा. CISF की ओर से मामले की निगरानी की जा रही है. वहीं स्थानीय पुलिस भी जांच में शामिल है.