WATCH: सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने रेत पर बनाया चंद्रयान-3, ISRO को दिया खास संदेश

भारत के अंतरिक्ष मिशन चंद्रयान-3 को लेकर पूरे देश में उत्साह देखने को मिल रहा है. सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक की टीम ने रेत से चंद्रयान-3 की आकृति को पुरी के समुद्र तट पर बनाया है.

Abhiranjan Kumar

Chandrayaan-3 Moon Mission: भारत के अंतरिक्ष मिशन चंद्रयान-3 (Chandrayaan-3) को लेकर पूरे देश में उत्साह देखने को मिल रहा है. इसकी सफलता के लिए देश में दुआओं का दौर जारी है. चंद्रयान-3 मिशन सफल हो इसे लेकर देशभर में लोग अपने-अपने तरीके से प्रार्थना कर रहे हैं. इस बीच सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक की टीम ने ओडिशा के पुरी समुद्र तट पर अपनी कला से शुभकामनाएं दी हैं.

रेत से बनाई चंद्रयान की आकृति

सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक की टीम ने रेत से चंद्रयान-3 की आकृति को पुरी के समुद्र तट पर बनाया है. इसमें लिखा गया है कि 23 अगस्त को चंद्रयान-3 मिशन की लैंडिंग से पहले शुभकामनाएं. साथ ही उन्होंने तिरंगे को भी इस पर दर्शाया है. इस आकृति के ऊपर 'ऑल द बेस्ट चंद्रयान' भी लिखा हुआ है.  सैंड आर्ट में 'जय हो इसरो' भी लिखा हुआ है.

 

दुआओं का दौर जारी  

बता दें कि चंद्रयान-3 की सफलतापूर्वक लैंडिंग के लिए वाराणसी (Varanasi) के दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि की तरफ से मां गंगा की विशेष आरती और प्रार्थना की गई है. अस्सी घाट पर लोगों ने 1001 दीप प्रज्वलित कर चंद्रयान की सफलता के लिए मां गंगा और भगवान श्री काशी विश्वनाथ से आशीर्वाद भी मांगा.

मंजिल की ओर बढ़े कदम

चंद्रयान-3 की लैंडिंग का काउंटडाउन शुरू हो गया है. चंद्रयान-3 लगातार अपनी मंजिल की ओर बढ़ रहा है. चंद्रयान-3 बुधवार को चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग करेगा, ये कामयाबी अंतरिक्ष के क्षेत्र में देश के लिए मील का पत्थर साबित होगी. सॉफ्ट लैंडिंग की कामयाबी के बाद भारत चांद पर कदम रखने वाला चौथा देश बन जाएगा.

यह भी पढ़ें: भारत के खिलाफ जहर उगलने वाले फवाद चौधरी की मांग, 'चंद्रयान की लैंडिंग पाकिस्तान में लाइव दिखाई जाए...'