नई दिल्ली: भारत में 2027 की जनगणना की तैयारियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं. गृह मंत्रालय ने जनगणना में पूछे जाने वाले 40 सवालों की सूची जारी की है. इन सवालों के जरिए देश की आबादी, परिवारों की स्थिति, आवास, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक आर्थिक स्थिति से जुड़ी जानकारी जुटाई जाएगी.
इसी बीच लोगों के मन में यह सवाल भी है कि अगर जनगणना अधिकारी को गलत जानकारी दी जाए तो क्या जेल हो सकती है. जनगणना के दौरान सही जानकारी देना नागरिकों की कानूनी जिम्मेदारी है. जनगणना अधिनियम 1948 की धारा 8 के तहत अधिकृत जनगणना अधिकारी द्वारा पूछे गए तय सवालों का जवाब देना जरूरी होता है.
जनगणना से मिलने वाला आंकड़ा सरकार के लिए योजनाएं बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. इसी जानकारी के आधार पर आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा, बुनियादी सुविधाओं और दूसरी सरकारी योजनाओं की जरूरतों को समझने में मदद मिलती है.
अगर कोई व्यक्ति जानबूझकर गलत जानकारी देता है, जरूरी जानकारी छिपाता है या जनगणना अधिकारी के काम में बाधा डालता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है. जनगणना अधिनियम की धारा 11 में कुछ अपराधों के लिए सजा का प्रावधान है. अपराध की स्थिति के आधार पर 3 साल तक की जेल, 1000 रुपये तक का जुर्माना या दोनों की सजा हो सकती है.
हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि छोटी या अनजाने में हुई हर गलती पर व्यक्ति को जेल भेज दिया जाएगा. जानबूझकर गलत जानकारी देने और अनजाने में जानकारी गलत बताने के बीच फर्क होता है. अगर किसी व्यक्ति को घर बनने का सही साल याद नहीं है तो उसे अनुमान लगाने के बजाय अपनी असमर्थता बतानी चाहिए. इसी तरह सवाल समझने में गलती होने पर गलत जवाब देना जानबूझकर तथ्यों को छिपाने के बराबर नहीं माना जाता.
जनगणना अधिकारियों की भी जिम्मेदारी तय होती है. अधिकारियों को परिवारों से मिली जानकारी को सही तरीके से दर्ज करना होता है. अगर कोई अधिकारी जानबूझकर जानकारी बदलता है या अपने पद का गलत इस्तेमाल करता है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है.
कानून में कुछ पारंपरिक रीति रिवाजों को भी ध्यान में रखा गया है. कुछ परिस्थितियों में परिवार की महिलाओं या रिश्तेदारों के नाम बताने से जुड़े पारंपरिक नियमों को मान्यता दी गई है. इसलिए नागरिकों को जनगणना के दौरान अपनी जानकारी के अनुसार ईमानदारी से जवाब देना चाहिए और जानबूझकर तथ्य छिपाने या बदलने से बचना चाहिए.