महिला आरक्षण और परिसीमन बिल को कैबिनेट की मंजूरी, लोकसभा में अब 50% बढ़ेंगी सीटें
केंद्रीय कैबिनेट ने महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी है. सरकार लोकसभा की अधिकतम सीटें 550 से बढ़ाकर 850 करना चाहती है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है. इसके तहत सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी. प्रस्तावित व्यवस्था 2050 तक लागू रहेगी. संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले लिए गए इस फैसले को महिला आरक्षण और परिसीमन की प्रक्रिया से जोड़कर देखा जा रहा है.
सरकार 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक में संशोधन पेश कर सकती है. इस प्रस्ताव के तहत लोकसभा की मौजूदा सदस्य संख्या में बढ़ोतरी का रास्ता तैयार किया जाएगा. इसका उद्देश्य महिलाओं को संसद में 33 प्रतिशत आरक्षण देने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना है.
दक्षिण भारतीय राज्यों की चिंताओं पर भी नजर
लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत की समान बढ़ोतरी के प्रस्ताव को परिसीमन से जुड़ी चिंताओं के बीच अहम माना जा रहा है. दरअसल, दक्षिण भारत के कई राज्यों ने आशंका जताई है कि आबादी के आधार पर परिसीमन होने पर उनकी लोकसभा सीटों का अनुपात कम हो सकता है.
Also Read
ऐसे में सरकार सभी राज्यों में मौजूदा सीटों को 50 प्रतिशत बढ़ाने के फॉर्मूले पर काम कर रही है. इससे राज्यों के बीच लोकसभा में प्रतिनिधित्व का मौजूदा अनुपात बनाए रखने में मदद मिल सकती है. इससे पहले आई रिपोर्टों में भी संकेत दिया गया था कि सरकार 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों की मौजूदा हिस्सेदारी को बरकरार रखने के विकल्प पर विचार कर रही है. प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट की यह बैठक दोपहर एक बजे सेवा तीर्थ में आयोजित की गई थी. बैठक में सभी केंद्रीय मंत्रियों को उपस्थित रहने के लिए कहा गया था.
महिला आरक्षण विधेयक में बदलाव की तैयारी
सरकार महिला आरक्षण से जुड़े पहले के कानून में संशोधन करने की तैयारी कर रही है. नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है. हालांकि, इस आरक्षण को लागू करने की प्रक्रिया जनगणना और परिसीमन से जोड़ी गई थी. अब सरकार इसमें बदलाव कर 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले इसे लागू करने का रास्ता तलाश रही है.
इससे पहले अप्रैल 2026 में सरकार ने संविधान (131वां संशोधन) विधेयक पेश किया था. इसमें लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 543 से बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव था. लेकिन यह विधेयक लोकसभा में जरूरी विशेष बहुमत हासिल नहीं कर पाया था. अब कैबिनेट की मंजूरी के बाद सरकार नए सिरे से इस प्रस्ताव को आगे बढ़ाने की तैयारी में है. इसके लिए संसद में संविधान संशोधन और परिसीमन से जुड़े प्रावधानों पर चर्चा हो सकती है.
30 नवंबर से शुरू होगा संसद का विशेष सत्र
संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर को लोकसभा की बैठक के साथ शुरू होगा. वहीं, राज्यसभा की कार्यवाही 2 दिसंबर से शुरू होने की संभावना है. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के मुताबिक, सरकारी कामकाज की जरूरत के आधार पर दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक समाप्त हो सकती है.
इस विशेष सत्र में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों पर सरकार की आगे की रणनीति सामने आ सकती है. हालांकि, संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए सरकार को संसद में विशेष बहुमत हासिल करना होगा. ऐसे में विभिन्न राजनीतिक दलों का रुख और राज्यों के प्रतिनिधित्व से जुड़े सवाल इस पूरी प्रक्रिया में अहम भूमिका निभा सकते हैं.