ट्रंप से पूछा- कौन सी मिठाई पसंद है? जवाब सुनकर मुस्कुराने लगे लोग; जो बाइडेन का नाम लेकर दिया ऐसा जवाब

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का थैंक्सगिविंग के मौके पर दिया गया एक जवाब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. अमेरिकी सैनिकों से बातचीत के दौरान उनसे पसंदीदा मिठाई के बारे में पूछा गया.

@DefiantLs X Account
Km Jaya

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अक्सर अपने राजनीतिक बयानों, फैसलों और अलग अंदाज को लेकर चर्चा में रहते हैं लेकिन इस बार वह किसी अंतरराष्ट्रीय मुद्दे या राजनीतिक बयान की वजह से नहीं, बल्कि अपनी पसंदीदा मिठाई को लेकर सुर्खियों में हैं. थैंक्सगिविंग के मौके पर उनसे जब उनकी पसंदीदा मिठाई के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने ऐसा मजाकिया जवाब दिया कि वहां मौजूद लोग भी मुस्कुराने लगे. अब इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

दरअसल अमेरिका में हर साल थैंक्सगिविंग के मौके पर राष्ट्रपति अमेरिकी सेना के जवानों से फोन पर बातचीत करते हैं. इसी परंपरा के तहत इस बार डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी पत्नी मेलानिया ट्रंप के साथ सैनिकों से बातचीत की. इस दौरान स्पेस फोर्स की लेफ्टिनेंट करीना बैलेस्टेरोस ने राष्ट्रपति और फर्स्ट लेडी से उनकी पसंदीदा मिठाई के बारे में सवाल पूछ लिया.

ट्रंप ने क्यों लिया जो बाइडेन का नाम?

लेफ्टिनेंट करीना बैलेस्टेरोस ने पूछा कि थैंक्सगिविंग के मौके पर राष्ट्रपति और उनकी पत्नी को कौन सी मिठाई सबसे ज्यादा पसंद है. इस पर ट्रंप ने मजाकिया अंदाज में कहा, 'यह तो जो बाइडेन वाला सवाल लगता है.' इसके बाद उन्होंने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन का जिक्र करते हुए कहा कि उनसे भी अक्सर पूछा जाता था कि उन्हें कौन सी आइसक्रीम पसंद है. ट्रंप के मुताबिक, बाइडेन का जवाब हमेशा वनीला होता था. उन्होंने मजाक में कहा कि जब बाइडेन से यह सवाल पूछा जाता था, तो प्रेस कॉन्फ्रेंस वहीं खत्म हो जाती थी.


ट्रंप को पसंद है पंपकिन पाई

जो बाइडेन का जिक्र करने के बाद ट्रंप ने अपनी पसंदीदा मिठाई का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि उन्हें पंपकिन पाई यानी कद्दू से बनी मीठी पाई काफी पसंद है. हालांकि, इसे खाने के लिए उनकी एक खास शर्त भी है. ट्रंप ने कहा कि पंपकिन पाई के साथ वनीला आइसक्रीम जरूर होनी चाहिए. अगर इसके साथ वनीला आइसक्रीम नहीं मिलती, तो शायद उन्हें इसका स्वाद उतना पसंद नहीं आएगा. उनके इस जवाब ने बातचीत को और दिलचस्प बना दिया.

मेलानिया ट्रंप को पसंद है एप्पल पाई

इस बातचीत के दौरान जब मेलानिया ट्रंप से उनकी पसंदीदा मिठाई के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि उन्हें एप्पल पाई पसंद है. हालांकि, उनकी पसंद में भी वनीला आइसक्रीम शामिल है. इस तरह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप दोनों ने अपनी पसंदीदा मिठाई के साथ वनीला आइसक्रीम का जिक्र किया.