menu-icon
India Daily

BRICS में भारत की अगुवाई का रूस ने बजाया डंका, नेशनल करेंसी में 90% पेमेंट, डॉलर को लगा बड़ा झटका!

रूस ने BRICS में भारत की अध्यक्षता की तारीफ की है. दिमित्री पेस्कोव के मुताबिक, संगठन के देशों के साथ रूस के करीब 90 फीसदी भुगतान अब राष्ट्रीय मुद्राओं में किए जा रहे हैं.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
BRICS में भारत की अगुवाई का रूस ने बजाया डंका, नेशनल करेंसी में 90% पेमेंट, डॉलर को लगा बड़ा झटका!
Courtesy: X

BRICS में अपनी-अपनी मुद्राओं में कारोबार बढ़ाने की कोशिशों के बीच रूस ने भारत की भूमिका की तारीफ की है. राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि रूस के BRICS देशों के साथ 90 फीसदी भुगतान राष्ट्रीय मुद्राओं में हो रहे हैं. हालांकि, उन्होंने इसे सीधे डॉलर खत्म करने की योजना नहीं बताया.

भारत की अध्यक्षता की रूस ने की तारीफ

रूस ने BRICS में भारत की अध्यक्षता और उसके दौरान हुए काम की सराहना की है. पेस्कोव ने कहा कि रूस संगठन के साथ सहयोग बढ़ाने पर लगातार काम कर रहा है. उन्होंने बताया कि BRICS देशों के साथ होने वाले रूस के करीब 90 फीसदी भुगतान अब संबंधित देशों की अपनी मुद्रा में किए जा रहे हैं. हालांकि, पेस्कोव ने साफ किया कि इसका सीधा मकसद डॉलर को खत्म करना नहीं है. उनके मुताबिक, रूस ज्यादा से ज्यादा भुगतान विकल्प तैयार करना चाहता है, ताकि अलग-अलग देशों के साथ कारोबार आसान हो सके. उन्होंने यह भी कहा कि कुछ देश अपनी मुद्रा का इस्तेमाल विदेश नीति के साधन के तौर पर कर रहे हैं.

BRICS में सुरक्षा से लेकर अंतरिक्ष तक सहयोग

पेस्कोव के अनुसार BRICS में सहयोग कई क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है. इनमें आर्थिक और मानवीय सहयोग प्रमुख हैं. रूस संगठन में नए देशों को जोड़ने के लिए भी काम कर रहा है. इसके अलावा सदस्य देशों के बीच सुरक्षा को लेकर भी सहयोग बढ़ाया जा रहा है. इसमें नशीली दवाओं के खिलाफ कार्रवाई और आतंकवाद से मुकाबले जैसे मुद्दे शामिल हैं. अंतरिक्ष के क्षेत्र में भी BRICS देश मिलकर काम बढ़ा रहे हैं. रूस का कहना है कि संगठन के बीच सहयोग का दायरा लगातार बड़ा हो रहा है और आने वाले समय में इसके और मजबूत होने की उम्मीद है.

भारत को बताया रणनीतिक साझेदार

भारत को लेकर पेस्कोव ने कहा कि वह रूस का अहम रणनीतिक साझेदार है. दोनों देशों के बीच कई क्षेत्रों में सहयोग जारी है और भारत के साथ भी ज्यादातर भुगतान राष्ट्रीय मुद्राओं में किए जा रहे हैं. यूक्रेन युद्ध पर पेस्कोव ने कहा कि रूस शांतिपूर्ण समाधान चाहता है और युद्ध खत्म करने की कोशिश कर रहा है. उन्होंने भारत के शांति प्रयासों का स्वागत किया. साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की युद्ध रोकने की कोशिशों का भी समर्थन किया. हालांकि, उन्होंने कुछ यूरोपीय देशों पर यूक्रेन को रूस के खिलाफ रणनीतिक जीत हासिल करने के लिए बढ़ावा देने का आरोप लगाया और कहा कि रूस ऐसा नहीं होने देगा.