मंगलोर में ब्लिंकिट आउटलेट पर छापा: अंडों में मिले कीड़े, स्वास्थ्य विभाग की सख्त कार्रवाई

 कर्नाटक के मंगलोर में ब्लिंकिट आउटलेट से खरीदे गए अंडों में कीड़े मिलने की शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने छापा मारा. अधिकारियों ने खराब अंडों को तुरंत हटाने के निर्देश दिए.

X
Sagar Bhardwaj

कर्नाटक के मंगलोर में क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म ब्लिंकिट (Blinkit) के एक आउटलेट पर स्वास्थ्य विभाग ने छापेमारी की है. एक ग्राहक ने ऑनलाइन ऑर्डर किए गए अंडों में कीड़े (मग्गोट्स) मिलने की शिकायत राज्य के स्वास्थ्य मंत्री से की थी. इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने तुरंत जांच के आदेश दिए.

फालनिर स्क्वायर स्थित केंद्र पर छापा

स्वास्थ्य अधिकारियों की टीम ने मंगलोर के फालनिर स्क्वायर स्थित ब्लिंकिट आउटलेट का निरीक्षण किया. जांच के दौरान परिसर में कई पैकेटों के भीतर सड़े और क्षतिग्रस्त अंडे पाए गए. अधिकारियों ने आउटलेट प्रबंधन को इन सभी खराब खाद्य पदार्थों को तुरंत हटाने और निस्तारित करने का निर्देश दिया.

अन्य क्विक-कॉमर्स कंपनियों पर भी कसता शिकंजा

क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. इससे पहले बेंगलुरु में जेप्टो (Zepto) के एक वेयरहाउस में भारी गंदगी, कचरा और गलत लेबलिंग पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग ने उसे सील कर नोटिस थमाया था.


अकोला में निलंबित हुआ था लाइसेंस

इसी तरह, महाराष्ट्र के अकोला में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने स्वच्छता और भंडारण नियमों के उल्लंघन के कारण ब्लिंकिट का राज्य खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया था. ऑनलाइन किराना डिलीवरी कंपनियों में घटिया गुणवत्ता और अस्वास्थ्यकर माहौल को लेकर उपभोक्ताओं की चिंताएं बढ़ती जा रही हैं.