लोकसभा चुनाव के लिए BJP की मेगा तैयारी, मैराथन सांगठनिक बैठक शुरू

बीजेपी को पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में तीन में जीत मिली. इस जीत के बाद ही पार्टी अब लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है.

Gyanendra Sharma

BJP: बीजेपी को पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में तीन में जीत मिली. इस जीत के बाद ही पार्टी अब लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है. पार्टी इसके लिए देशभर में बैकर कर आगे की रणनीति पर काम कर रही है. राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक के बाद अब पार्टी एक्शन मोड में है. 31 दिसंबर से पहले प्रदेश पदाधिकारी और जिला स्तर की बैठकें होंगी. इससे कार्यकर्ताओं में जोश भरा जाएगा. 

बंगाल में अमित शाह और नड्डा

पार्टी के अध्यक्ष और गृहमंत्री अमित शाह मंगलवार को बंगाल पहुंचे हैं. यहां पर दिनभर पार्टी के नेताओं के साथ बैठक करेंगे. प्रदेश स्तर के सभी शीर्ष नेताओं को बुलाया गया है. इसके अलावा इसमें आईटी सेल और युवा तथा अन्य मोर्चा के नेताओं को भी दिशा-निर्देश दिया जाएगा. उधर लोकसभा चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं को चार्ज करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और जेपी नड्डा राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक का संदेश देगें. 5 जनवरी से पहले सभी मोर्चों को प्रदेश स्तर की बैठक होगी.

युवा वोटर्स पर नजर

बीजेपी की नजर युवा वोटर्स पर है. 24 जनवरी को मतदाता दिवस मनाया जाएगा, इस दिन पार्टी के युवा मोर्चा की बैठक होगी. इसके तहत 7 लाख गांवों से कम से कम एक कार्यकर्ता को जोड़ा जाएगा. इससे बीजेपी के मतदाताओं की संख्या में बढ़ोतरी का लक्ष्य रखा गया है. पार्टी का अधिक से अधिक लोगों से जनसंपर्क के लिहाज से 'गांव चलो अभियान' जनवरी-फरवरी में चलाया जाएगा. केंद्र सरकार की योजनाओं से लाभ लेने वालों लोगों के डेटा रिकॉर्ड पर संपर्क स्थापित करेंगे.

समाज के सभी वर्गों के बीच पहुंचने की तैयारी

2024 लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने अभी से अपनी तैयारी शुरू कर दी है. सारा प्लान रेडी हो चुका है.  3-4 लोकसभा को क्लस्टर के रूप में बनाया जाएगा और वरिष्ठ नेता बनेंगे क्लस्टर प्रभारी, प्रत्येक लोकसभा के लिए प्रभारी और संयोजक बनाए जाएंगे. सभी बूथों का विश्लेषण किया जाएगा. साथ समाज के सभी वर्गों के बीच जाने की तैयारी है. 

राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह क्लस्टर में शामिल होंगे. जनवरी के आखिर तक पार्टी सभी जगह चुनाव कार्यालय बनाएगी. सोशल मीडिया की टीम को भी हर क्षेत्र में काम पर लगाया जाएगा. हर जोन में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की बैठक भी होगी.