केजरीवाल का चिट्ठा खोलेगी बीजेपी की चार्जशीट, कहा- 'दिल्ली का गुनाहगार और खालिस्तानियों का समर्थक'
दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं. केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि दिल्ली की 'आप' सरकार में 'सबसे भ्रष्ट मंत्री' हैं.
BJP Chargesheet: भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली की आम आदमी पार्टी पर जोरदार हमला बोला है. बीजेपी ने इसको लेकर एक आरोप पत्र जारी किया है, जिसमें दिल्ली सरकार के मंत्रियों के बारे में जानकारी दी गई है. इसमें आरोप लगाया गया है कि दिल्ली सरकार में सबसे भ्रष्ट मंत्री हैं.
दिल्ली भाजपा कार्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए पार्टी सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, "इस चार्जशीट में आप के भ्रष्टाचार की कहानियां हैं. अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में रहने वाले लोगों से झूठे वादे किए हैं. उन्होंने कहा था कि वे मुफ्त चिकित्सा, पानी और बिजली प्रदान करेंगे, लेकिन लोग अभी भी इन सेवाओं के लिए भुगतान करते हैं. आप ने कहा कि वे दिल्ली को भ्रष्टाचार मुक्त बनाएंगे, लेकिन उनके आठ मंत्री और 15 विधायक जेल में हैं."
दिल्ली सबसे प्रदूषित राजधानी
ठाकुर ने कहा, "केजरीवाल जी, आप अक्सर कहते हैं कि आप नंबर वन हैं. आप किस क्षेत्र में नंबर वन हैं? देश में सबसे महंगा पानी आपकी सरकार उपलब्ध कराती है. दिल्ली दुनिया की सबसे प्रदूषित राजधानियों में नंबर वन है. दिल्ली में भारत के सबसे भ्रष्ट मंत्री हैं."
आप ने खालिस्तानी समूहों से लिया समर्थन: भाजपा
आप पर अपना हमला तेज करते हुए भाजपा ने केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी पर खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू के नेतृत्व वाले प्रतिबंधित संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) से 1.6 मिलियन डॉलर स्वीकार करने का आरोप लगाया.
आतंकी संगठन से लिए पैसे
भाजपा ने आप पर आरोप लगाते हुए कहा, "आप ने सिख फॉर जस्टिस से 16 लाख डॉलर लिए और पन्नू ने भी इसे स्वीकार किया है. पंजाब विधानसभा चुनावों में उन्होंने खालिस्तानी समूहों का समर्थन लिया. आप अवैध रोहिंग्या प्रवासियों को सुरक्षा प्रदान कर रही है."
जो बोले उसका उलटा किए
ठाकुर ने कहा, "अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि वह कांग्रेस से समर्थन नहीं लेंगे. उन्होंने समर्थन लिया. कहा था कि वह बंगला नहीं लेंगे, लेकिन आलीशान बंगला बनवा लिया. उन्होंने कहा था कि कार नहीं लेंगे, सबसे महंगी कार ले ली. यह चार्जशीट दिल्ली के गुनाहगार केजरीवाल का चिट्ठा खोलेगी." दरअसल, 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा का कार्यकाल अगले वर्ष 23 फरवरी को समाप्त हो रहा है और उससे पहले चुनाव होने हैं.