ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित बीजू पटनायक इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फ्लाइट रद्द होने के बाद एक महिला यात्री के कथित हंगामे का मामला सामने आया है. अधिकारियों के अनुसार, महिला ने एयरपोर्ट की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, जिसकी अनुमानित कीमत 49 हजार रुपए है. घटना के बाद एयरफील्ड थाने में यात्री के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है.
शिकायत के मुताबिक, यात्री की पहचान मामोनी खरात के रूप में हुई है. वह इंडिगो की फ्लाइट 6E 7352 से भुवनेश्वर से कोलकाता जाने वाली थीं. विमान में तकनीकी खराबी सामने आने के बाद उड़ान रद्द कर दी गई. इसके बाद गुरुवार शाम करीब छह बजे प्रस्थान लाउंज में कथित तौर पर विवाद बढ़ गया. उस समय CISF, इंडिगो और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारी भी मौजूद थे.
एयरपोर्ट अथॉरिटी की शिकायत में आरोप लगाया गया है कि महिला ने गुस्से में एयरपोर्ट के कुछ उपकरण क्षतिग्रस्त कर दिए. इनमें एक मॉनिटर, कीबोर्ड और पासपोर्ट स्वाइप करने वाली मशीन शामिल बताई गई है. अधिकारियों के अनुसार, इन उपकरणों को हुए नुकसान की कुल अनुमानित कीमत करीब 49 हजार रुपए है. एयरपोर्ट प्रशासन ने पुलिस से उचित कार्रवाई करने और नुकसान की भरपाई कराने का अनुरोध किया है.
घटना से जुड़ा एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें महिला और एयरपोर्ट कर्मियों के बीच तीखी बहस दिखाई देती है. वीडियो में एयरपोर्ट के बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचाए जाने का भी दावा किया गया है. हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को जुटाया जा रहा है.
Passengers at Bhubaneswar Airport were left stranded after an IndiGo flight scheduled to depart at 2:35 PM was reportedly cancelled at around 5:30 PM, several hours after the scheduled departure time, yesterday.
— Srikanth Bhalaji (@SBhalaji94) August 14, 2026
They were not given timely information about the cancellation and,… pic.twitter.com/pGXPT8FOP3
इंडिगो ने बताया कि 13 अगस्त 2026 को भुवनेश्वर से कोलकाता जाने वाली 6E 7352 उड़ान को विमान की अनिवार्य प्री-डिपार्चर जांच के दौरान तकनीकी समस्या सामने आने के बाद रद्द किया गया. एयरलाइन के अनुसार, यात्रियों को नियमित अपडेट, रिफ्रेशमेंट, जरूरत के अनुसार ठहरने की सुविधा और वैकल्पिक यात्रा या रिफंड के विकल्प दिए गए.
इंडिगो के मुताबिक, एयरपोर्ट की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाली एक यात्री को ‘अनरूली’ घोषित कर मानक प्रक्रिया के तहत संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को सौंप दिया गया. एयरलाइन ने यात्रियों की असुविधा पर खेद जताते हुए कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है.
एयरपोर्ट प्रशासन की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. अब जांच के दौरान कथित तोड़फोड़, नुकसान की वास्तविक कीमत और घटना की पूरी परिस्थितियों की पड़ताल की जाएगी. एयरपोर्ट अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त उपकरणों की लागत संबंधित यात्री से वसूलने की मांग भी की है.