कोरोना के नए वैरिएंट जेएन.1 का हॉटस्पॉट बना बेंगलुरु, सामने आए करीब 2 दर्जन केस

Bengaluru Corona Cases: देश भर में एक बार फिर से बढ़ रहे कोरोना के मामले से लोग दहशत में हैं. इसी बीच बेंगलुरु में कोरोना के नए वैरिएंट जेएन.1 के एक साथ 20 केस सामने आने से हड़कंप मच गया है.

Purushottam Kumar

Bengaluru Corona Cases: देश भर में एक बार फिर से बढ़ रहे कोरोना के मामले से लोग दहशत में हैं. इसी बीच बेंगलुरु में कोरोना के नए वैरिएंट जेएन.1 के एक साथ 20 केस सामने आने से हड़कंप मच गया है. कर्नाटक के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण सेवा विभाग की ओर से जारी ताजा बयान के अनुसार राज्य में कोरोना के इस नए वैरिएंट के कुल 34 केस दर्ज किए गए हैं.

कर्नाटक में जेएन.1 के 34 केस

कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव ने कहा कि कर्नाटक में जेएन.1 के करीब 34 नए केस दर्ज किए गए हैं. उन्होंने आगे कहा कि कर्नाटक में दर्ज किए गए इन 34 केस में से 20 केस बेंगलुरु में दर्ज किए गए हैं. पॉजिटिव मामलों के सैंपल को जांच के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी, पुणे और नेशनल सेंटर फॉर बायोलॉजिकल साइंसेज, बेंगलुरु भेजे गए हैं.

जीनोम सीक्वेंसिंग ने एक नोट में कहा कि जांच के लिए अब तक 192 में से 60 नमूने जमा किए गए हैं, जिसमें से 34 मामले जेएन.1 के मिले हैं. इसके साथ ही बचे हुए मामलों की टेस्ट रिपोर्ट बुधवार को आने की बात कही गई है.

कर्नाटक सरकार की एडवाइजरी जारी

कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य सरकार की ओर से एडवाइजरी जारी करके 60 साल से ज्यादा उम्र के लोग समेत अन्य बीमारियों से पीड़ित, गर्भवती महिलाओं को सार्वजनिक जगहों पर मास्क पहनने और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचने की सलाह दी गई है. इसके साथ ही राज्य सरकार की ओर से केरल और तमिलनाडु की सीमा से सटे जिलों में टेस्टिंग और कोविड मामलों की समय पर रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.