'थोड़ा मजबूत हो जा, इस बार कुछ सीटें ले ले...', नायब सिंह सैनी ने दुष्यंत चौटाला को दी नसीहत

Nayab Singh Saini: हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने पूर्व डिप्टी सीएम और जेजेपी के नेता दुष्यंत चौटाला को नसीहत दी है कि वह थोड़े मजबूत हो जाएं और पिछली बार की तरह कुछ सीटें ले लें. इससे पहले, दुष्यंत चौटाला ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा था कि अब वह बीजेपी के साथ नहीं जाएंगे लेकिन अगर परिस्थितियां बनीं तो वह INDIA गठबंधन के साथ जाने के बारे में सोच सकते हैं.

Social Media
India Daily Live

हरियाणा में विधानसभा चुनाव के बीच बयानबाजी शुरू हो गई है. हाल ही में जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के नेता दुष्यंत चौटाला ने कहा था कि अब वह दोबारा कभी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साथ नहीं जाएंगे. इस पर बीजेपी नेता और हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने उन पर तंज कसते हुए कहा है कि अरे थोड़ा मजबूत हो जा, कुछ सीटें तो ले ले. उन्होंने यह भी कहा कि दुष्यंत चौटाला तो अब भूपेंद्र सिंह हुड्डा के करीब जा रहे हैं. नायब सिंह सैनी ने यह भी कहा कि पिछली बार भले कमी रह गई थी लेकिन इस बार बीजेपी अपने ही दम पर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी.

इससे पहले दुष्यंत चौटाला ने कहा था, 'मेरी गलती रही कि मैं किसान आंदोलन को समझ नहीं पाया. मुझे सरकार से हट जाना चाहिए था लेकिन हम सेंटिमेंट्स को शायद समझ नहीं पाए और उसका भुगतान हमें लोकसभा चुनाव में करना पड़ा. मैं ऑन रिकॉर्ड कह सकता हूं कि मैं बीजेपी के साथ नहीं जाऊंगा. अगर हमारे पास नंबर होंगे और जरूरत होगी तो मैं इंडिया गठबंधन के साथ जाने पर सोच सकता हूं. हमें कॉन्फिडेंस हैं कि पिछली बार भी हम किंगमेकर थे और इस बार भी जेजेपी राज्य की सबसे महत्वपूर्ण पार्टी होगी.'

इसी के बारे में सवाल पूछे जाने पर दुष्यंत चौटाला ने कहा, 'क्योंकि वह (JJP) हमारा सहयोगी दल रहा है. पिछली बार हमारी सीटें कम आई थीं, उसके चलते हमने हरियाणा के लोगों को स्पष्ट शासन देना था इसलिए हमने ऐसा किया. कांग्रेस का नाम मैंने इसलिए लिया क्योंकि वह तो जेजेपी को खत्म करना चाहती है. मैं तो कह रहा हूं हरियाणा में बीजेपी पूर्ण बहुमत की सरकार आ रही है, प्रदेश के लोगों ने इसे लिख दिया है.'

'हुड्डा से हो रहा है दुष्यंत का प्रेम'

उन्होंने आगे कहा, 'मैं तो दु्ष्यंत चौटाला को कहना चाहूंगा कि थोड़ा मजबूत हो जा. पिछली बार 10 सीटें ली थी, अब भी ले ले थोड़ी बहुत. आजकल दुष्यंत साहब का प्रेम हुड्डा के साथ हो रहा है. दोनों की आपस में गुफ्तगू हो रही है. दोनों एक-दूसरे के प्रति आरोप भी लगाते हैं.' बता दें कि बीजेपी और जेजेपी का गठबंधन टूटने के बाद जेजेपी अब अकेले ही विधानसभा चुनाव लड़ रही है. ऐसे में दुष्यंत चौटाला कभी AAP से गठबंधन की चर्चा कर रहे हैं तो कभी कांग्रेस से हाथ मिलाने का संकेत दे रहे हैं.