Ayodhya: भव्य होगा रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम, राम मंदिर के कारीगर भी समारोह में होंगे शामिल

Ayodhya Ram Temple: राम मंदिर ट्रस्ट की योजना है कि राम मंदिर को आकार देने वाले मजदूरों को भी प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर आमंत्रित किया जाए. 

Amit Mishra

Ayodhya Ram Lala Pran Pratishtha: अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है. इस बीच भगवान रामलला के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं. प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर देशभर में विभिन्न धर्म और संप्रदाय के 4000 से ज्यादा संत समाज के लोगों को आमंत्रित किया जाएगा. इतना ही नहीं ढाई हजार विभिन्न क्षेत्र के विशिष्ट लोगों को भी आमंत्रित किया जाएगा. इस बीच राम मंदिर ट्रस्ट की योजना ये भी है कि राम मंदिर (Ram Temple) को आकार देने वाले मजदूरों को भी प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर आमंत्रित किया जाए. 

भव्य होगा कार्यक्रम 

22 जनवरी 2024 को रामलला अपने भव्य मंदिर में विराजमान होंगे. इस मौके को खास बनाने के लिए देश और दुनिया के विशिष्ट और अति विशिष्ट मेहमानों को भी आमंत्रित किया जा रहा है. खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होंगे. राम मंदिर के निर्माण में लगे लगभग ढाई सौ मजदूर और सुपरवाइजर को रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर राम मंदिर ट्रस्ट की तरफ से आमंत्रित किया जाएगा. इसके अलावा राम मंदिर आंदोलन के समय जिन लोगों की मृत्यु हुई उनके परिजनों को भी राम मंदिर ट्रस्ट प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर आमंत्रित करेगा.

ram temple

दिखेगी हिंदुस्तान की झलक 

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कहा कि भगवान राम के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में हिंदुस्तान के सभी राज्य, हिंदुस्तान की सभी भाषाएं, इसके साथ हिंदुस्तान में पूजा पद्धति की जितनी भी परंपरा हैं सभी की झलक देखने को मिलेगी. इसके अलावा समाज जीवन का हर क्षेत्र खेल जगत, कला जगत, कवि, लेखक, साहित्यकार, अनुसूचित जाति जनजाति, घुमंतू जाति, सेवानिवृत सेना और पुलिस के अधिकारी मौजूद रहेंगे. चंपत राय ने कहा कि प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में भारत सरकार की तरफ से पद्मश्री से सम्मानित लोगों को भी बुलाया जाएगा.