राजधानी में महिला से छेड़छाड़ कर रहे थे मनचले, शख्स ने टोका तो बदमाशों ने जानवरों की तरह पीटा; वीडियो में देखें खौफनाक मंजर
दिल्ली के साकेत इलाके में महिला से छेड़छाड़ को रोकने पर आरोपियों ने एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी. इसका वीडियो वायरल हो गया है. पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
नई दिल्ली: राजधानी में एक बार फिर सड़क सुरक्षा और महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं. साकेत इलाके में तड़के एक महिला से कथित छेड़छाड़ का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया. चार युवकों ने मिलकर उसकी सरेआम पिटाई कर दी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
वायरल वीडियो ने खोली घटना की परतें
घटना बुधवार सुबह करीब चार बजे की है, जब निजी कंपनी में काम करने वाली 27 वर्षीय महिला अपनी सुबह की शिफ्ट के लिए घर से निकली थी और कैब का इंतजार कर रही थी. तभी दो स्कूटरों पर सवार चार युवक वहां पहुंचे और कथित तौर पर महिला से छेड़छाड़ करने लगे. मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने जब इसका विरोध किया, तो पूरी घटना ने हिंसक मोड़ ले लिया.
वीडियो में दिखी बेरहमी की तस्वीर
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि चारों आरोपी युवक एक व्यक्ति को घेरकर बेरहमी से पीट रहे हैं. उसे लात-घूंसों से मारा गया, शर्ट पकड़कर घसीटा गया और चेहरे व सीने पर वार किए गए. वीडियो में एक आरोपी ईंट उठाकर हमला करने की कोशिश करता भी नजर आता है. यह वीडियो लोगों को झकझोर देने वाला है.
यहां देखें वीडियो
पीड़ित की हालत और पुलिस कार्रवाई
पीड़ित की पहचान संगम विहार निवासी 35 वर्षीय मुकेश के रूप में हुई है. गंभीर चोटों के बाद उन्हें पहले नजदीकी अस्पताल और फिर एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई. महिला के बयान और वायरल वीडियो के आधार पर मेहरौली थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले.
चार आरोपी गिरफ्तार, सुरक्षा पर सवाल
पुलिस ने जांच के बाद चारों आरोपियों- विशाल रावत, जतिन, सोनू और विवेक को गिरफ्तार कर लिया है. सभी की उम्र 20 से 26 वर्ष के बीच बताई गई है. यह घटना न सिर्फ महिलाओं की सुरक्षा, बल्कि उन लोगों की हिम्मत पर भी सवाल उठाती है जो गलत के खिलाफ खड़े होते हैं. वायरल वीडियो ने एक बार फिर राजधानी की रातों की सच्चाई उजागर कर दी है.
और पढ़ें
- शिवम गुप्ता की क्या थी गलती? डिलवरी बॉय ने सिर पर क्यों किया हेलमेट से वार; जाने पूरा मामला
- दिल्ली में सिर्फ 15 दिन में 807 लोग गायब हो गए, जिनमें सबसे ज्यादा महिलाएं और बच्चे हैं, ये हालात बेहद डराने वाले हैं: केजरीवाल
- दिल्ली वालों को फ्री एलपीजी सिलेंडर, PNG वालों को भी मिलेगा फायदा, जानें सरकार कैसे लाखों परिवारों को देगी फायदा, यहां होंगे सारे डाउट दूर