असम में बीजेपी के शपथ ग्रहण समारोह की डेट फाइनल, इस तारीख को होगी हिमंत सरकार की ताजपोशी
असम में लगातार तीसरी बार बीजेपी सरकार ने वापसी की है. इसी के साथ असम सरकार के शपथ गृहण समारोह की तारीख तय हो गई है.
असम में प्रचंड बहुमत के साथ लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी करने वाली बीजेपी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तारीख तय हो गई है. मुख्यमंत्री और मंत्री गुवाहाटी के खानापारा में 12 मई को शपथ लेंगे. पार्टी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी.
राज्य भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने कहा, 'शपथ ग्रहण समारोह 12 मई को दोपहर 11 बजे होगा. प्रधानमंत्री मोदी समेत अमित शाह, नितिन नवीन और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि होंगे. '
उन्होंने कहा कि कुछ वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री, पार्टी नेता और असम के विभिन्न क्षेत्रों की जानी-मानी हस्तियां इस समारोह का हिस्सा होंगी. कुल मिलाकर 100,000 से ज्यादा लोगों के इस समारोह में शामिल होने की उम्मीद है.
प्रचंड बहुमत के साथ बीजेपी की वापसी
बता दें कि बीजेपी नीत एनडीए सरकार ने राज्य की 126 सीटों में से 102 सीटें जीतकर लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की है. इनमें से भी 82 सीट अकेले बीजेपी ने अपने दम पर जीती हैं. यह बीजेपी गठबंधन का राज्य में अब तक का सबसे शानदार प्रदर्शन है.
बीजेपी के सहयोगी दलों असम गण परिषद और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट दोनों ने 10-10 सीटें जीती हैं. वहीं विपक्षी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने 10 सीटें और उसके सहयोगी रायदोर दल ने 2 सीटों पर कब्जा जमाया. ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट और ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस, जो गठबंधन का हिस्सा नहीं थे, ने क्रमशः दो और एक सीट जीती.
सैकिया ने कहा कि ऐतिहासिक जीत को देखते हुए बीजेपी के कार्यकर्ता और आम जनता इस कार्यक्रम का हिस्सा बनने के लिए बेहत उत्साहित हैं, जिनके लिए हम पूरी लगन के साथ तैयारियां कर रहे हैं.
पीएम मोदी भी होंगे शामिल
सैकिया ने कहा कि पीएम मोदी इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सुबह 10.15 बजे गुवाहाटी के लोकप्रिया गोपिनाथ बोरदोलाई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर पहुंचेंगे जिसके बाद वह शपथ ग्रहण समारोह का हिस्सा बनने के लिए खानपारा में स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे.