Arvind Kejriwal ED Notice: दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने मध्य प्रदेश की चुनावी सभा में बीजेपी पर निशाना साधा. दरअसल, आज (2 नवंबर) उन्हें दिल्ली शराब घोटाले मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने बुलाया था लेकिन केजरीवाल ने ईडी के समन को अनदेखा करते हुए कहा कि यह बुलावा राजनीति से प्रेरित है. "मुझे नहीं पता मैं जेल में रहूंगा या बाहर"
मध्य प्रदेश के बैढ़न विधानसभा क्षेत्र में अरविंद केजरीवाल ने रोड शो किया. उन्होंने प्रदेश की जनता से आम आदमी पार्टी को वोट देने को कहा. ईडी द्वारा भेजे गए समन को लेकर उन्होंने कहा कि मुझे पता नहीं कि जब चुनाव के परिणामों की घोषणा होगी मैं आने वाले समय में जेल में रहूंगा या बाहर लेकिन मैं आशा करता हूं कि आप लोग आम आदमी पार्टी पर पंजाब और दिल्ली की अपना विश्वास जताए.
रोड शो में अरविंद केजरीवाल ने इशारों-इशारों में भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि दिल्ली में खड़े होकर धमकी दी जा रही है कि गिरफ्तार कर लेंगे. आप केजरीवाल का शरीर तो गिरफ्तार कर लोगे लेकिन उसकी सोच को कैसे गिरफ्तार करोगे. सुन लो ये केजरीवाल जेल जाने से बिल्कुल नहीं डरता है.
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा- "आपकी 10 साल से केंद्र में सरकार है. आज बच्चा-बच्चा पूछ रहा है कि आपने कितने स्कूल बनाए. किस-किस का मुंह बंद करेंगे आप. हम अन्ना आंदोलन से निकले हुए लोग हैं. रामलीला मैदान की स्टेज पर मैं, सत्येंद्र जैन और मनीष सिसोदिया बैठा करते थे, हमें गिरफ्तार कर लोगे, लेकिन जो करोड़ों लोगों की भीड़ रामलीला मैदान में आती थी आप उन्हें कैसे गिरफ्तार करोगे."