भूस्खलन के बाद नॉर्थ सिक्किम में फंसे 200 पर्यटक, लाचेन जाने वाली सड़क ब्लॉक

नॉर्थ सिक्किम के एक शहर में करीब 200 पर्यटक फंस गए हैं. यहां से लाचेन जाने वाली सड़क ब्लॉक हो गई है, जिससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है.

Pinterest
Shilpa Srivastava

चुंगथांग: नॉर्थ सिक्किम के चुंगथांग शहर में करीब 200 पर्यटक फंस गए हैं. भारी बारिश के चलते भूस्खलन की स्थिति बन गई है, जिससे पर्यटकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इसके कारण लाचेन जाने वाली अहम सड़क ब्लॉक हो गई. इससे पर्यटक न तो आगे बढ़ पाए और न ही वापस लौट पाए.

खबरों के अनुसार, मंगलवार देर रात चुंगथांग-लाचेन मार्ग पर भूस्खलन हुआ. इससे लाचेन जाने वाले सभी लोग रास्ते में ही फंस गए. इन सभी के रहने की व्यवस्था की गई. इन सभी ने चुंगथांग में ITBP यानी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के एक कैंप और एक गुरुद्वारे में रात बिताई.

रास्तों पर मरम्मत का काम शुरू:

सीमा सड़क संगठन ने उन सभी रास्तों पर काम शुरू कर दिया है, जिन पर मरम्मत की जरूरत है. अधिकारियों ने बताया कि वो मौसम पर बारीकी से नजर रखे हुए हैं और पर्यटकों का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है. इन रास्तों पर यात्रा की अनुमित तभी दी जाएगी जब मार्गों को पूरी तरह से सुरक्षित घोषित कर दिया जाएगा. इन पर्यटकों में से कुछ पहले ही गंगटोक लौट आए हैं. उन्होंने अपनी आगे की यात्रा की योजना रद्द कर दी है.

लाचुंग जाने वाली सड़क को किया साफ:

खबरों के अनुसार, लाचुंग जाने वाली सड़क को साफ कर दिया गया है. उस क्षेत्र के सभी पर्यटकों को बुधवार सुबह सुरक्षित रूप से गंगटोक वापस भेज दिया गया. रास्ते में स्थिति अभी भी तनावपूर्ण बनी हुई है क्योंकि इस क्षेत्र में हल्की बारिश अभी भी हो ही है. बता दें कि चुंगथांग-लाचेन सड़क 9 मार्च को ही फिर से खुली थी, जो 2023 की ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (GLOF) में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी. ऐसे में यह कहना सही होगा कि यहां की सड़कें काफी नाजुक हैं. 

पर्यटकों के लिए सलाह:

पर्यटकों को यह सलाह दी गई है कि लाचेन या लाचुंग की यात्री की योजना बनाने से पहले वो जिला प्रशासन या BRO से सड़कों की ताजा जानकारी ले लें. इन पहाड़ी क्षेत्रों में सुरक्षा सबसे पहले आती है. अधिकारियों ने लोगों से धैर्य बनाए रखने और बचाव तथा मरम्मत टीमों के साथ सहयोग करने की अपील की है.