menu-icon
India Daily

नो म्यूजिक, स्पेशल ड्रेस कोड के साथ केरल में इस्लाम-फ्रेंडली जिम की घोषणा, लोगों के बीच छिड़ी बहस

केरल के पलक्कड़ में एक फिटनेस सेंटर ने अजीब घोषणा करके लोगों के बीच बहस छेड़ दी है. जिम की ओर से शेयर किए गए पोस्ट में इस्लाम-फ्रेंडली जिम खोलने की बात कही गई.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
नो म्यूजिक, स्पेशल ड्रेस कोड के साथ केरल में इस्लाम-फ्रेंडली जिम की घोषणा, लोगों के बीच छिड़ी बहस
Courtesy: Pinterest

केरल के पलक्कड़ में पुथुनगरम स्थित एक फिटनेस सेंटर ने एक ऐसी घोषणा कर दी, जिससे नई बहस छिड़ गई है. फिटनेस सेंटर की ओर से यह घोषणा की गई है कि इसे इस्लाम-अनुकूल जिम में बदला जाएगा, जो शरिया-आधारित दिशानिर्देशों के अनुसार काम करेगा.

सोशल मीडिया पर इसके बारे में 'नवाज मुथु टी' की आइडी से इसकी घोषणा की गई थी, हालांकि इसे बाद में हटा दिया गया. लेकिन इस पोस्ट ने अब एक नई बहस छेड़ दी है. सोशल मीडिया पर शेयर किए गए पोस्ट में कहा गया कि यह जिम, जो पिछले 15 वर्षों से चल रहा है, अपने सदस्यों के लिए नियमों का एक नया सेट लागू करने जा रहा है.

पोस्ट की गई घोषणा में क्या कहा?

शेयर किए गए पोस्ट की घोषणा के मुताबिक प्रस्तावित बदलावों में जिम के अंदर संगीत पर पूर्ण प्रतिबंध, पुरुषों और महिलाओं के लिए कसरत का अलग-अलग समय, और एक स्पेशल ड्रेस कोड शामिल हैं. इस ड्रेस कोड के तहत सदस्यों को यह सुनिश्चित करना होगा कि कसरत करते समय उनका यानी महिलाओं का (शरीर के वे अंग जिन्हें इस्लामी दिशानिर्देशों के अनुसार ढकना आवश्यक है) ढका रहे. इसके अलावा जिम प्रबंधन की ओर से  यह भी कहा गया कि पुरुषों और महिलाओं को एक साथ कसरत करने की अनुमति नहीं होगी, और दिशानिर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए अलग-अलग कार्यक्रम निर्धारित किए जाएंगे.

सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल

शेयर किए गए पोस्ट के मुताबिक महिला सदस्यों को ऐसे कपड़े पहनना अनिवार्य होगा, जिनमें हिजाब भी शामिल है. प्रबंधन इस कदम को केरल के पहले इस्लाम-अनुकूल जिम के रूप में बता रहा है. इस घोषणा ने सोशल मीडिया पर व्यापक ध्यान आकर्षित किया है और तीखी बहस छेड़ दी है. हालांकि इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए मूल वीडियो को हटा दिया गया है. इस पोस्ट पर कुछ घंटों के अंदर कई प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं. कुछ लोगों ने इसे अच्छी पहल बताई, वहीं कुछ लोग इसे समाज को बांटने की कोशिश बता रहे हैं. विवाद बढ़ने के बाद इस पोस्ट को डिलीट कर दिया गया.