'जो लड़कियों के साथ गलत करेगा, वही दिन उसका अंतिम होगा', आंध्र प्रदेश के CM चंद्रबाबू नायडू ने दी चेतावनी

Andhra Pradesh CM Chandrababu Naidu: सोशल मीडिया पर महिलाओं को लेकर की जाने वाली आपत्तिजनक टिप्पणियों और बदनाम करने की कोशिशों पर मुख्यमंत्री ने कड़ी चेतावनी दी है.

Social Media
Gyanendra Tiwari

Andhra Pradesh CM Chandrababu Naidu: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जो भी लड़कियों के साथ गलत व्यवहार करेगा, उसके लिए वही दिन उसकी जिंदगी का अंतिम दिन होगा. मुख्यमंत्री का यह बयान महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा को लेकर सरकार की गंभीरता को दर्शाता है.

मुख्यमंत्री नायडू ने 'श्री शक्ति' प्रस्ताव को आंध्र प्रदेश में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक "गेम चेंजर" बताया है. उन्होंने कहा कि यह प्रस्ताव न सिर्फ महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करेगा, बल्कि उन्हें सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से सशक्त भी बनाएगा.

ऑनलाइन बदसलूकी पर सख्त कार्रवाई


सोशल मीडिया पर महिलाओं को लेकर की जाने वाली आपत्तिजनक टिप्पणियों और बदनाम करने की कोशिशों पर मुख्यमंत्री ने कड़ी चेतावनी दी है. उन्होंने कहा, "हम सोशल मीडिया पर महिलाओं को लेकर किए जा रहे अभद्र व्यवहार को बर्दाश्त नहीं करेंगे." उन्होंने साफ कहा कि महिलाओं से गलत व्यवहार करने वालों के लिए कोई माफी नहीं होगी.

महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा और मुफ्त गैस सिलेंडर

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कई नई योजनाओं की घोषणा भी की. उन्होंने बताया कि 15 अगस्त से राज्य की सभी आरटीसी (RTC) बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी. इसके साथ ही 'दीपम-2' योजना के तहत महिलाओं को साल में तीन मुफ्त एलपीजी सिलेंडर दिए जाएंगे, जिससे घर के खर्च में राहत मिलेगी.

महिलाओं को बनाया जाएगा उद्यमी

महिला सशक्तिकरण को आर्थिक मजबूती से जोड़ते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार एक लाख डीवाकरा (DWACRA) महिलाओं को उद्यमी बनाने में सहायता करेगी. इसका उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें स्थायी आजीविका प्रदान करना है.

राजनीतिक और आर्थिक दोनों स्तरों पर सशक्तिकरण का वादा

मुख्यमंत्री नायडू ने यह भी कहा कि उनकी सरकार महिलाओं को केवल सामाजिक रूप से नहीं, बल्कि राजनीतिक और आर्थिक रूप से भी सशक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.