Asian Games 2026

अमित शाह ने गुजरात में देश की पहली LNG ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, 1,500 करोड़ से रेल प्रोजेक्ट्स किए लॉन्च

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद से देश की पहली LNG ट्रेन को हरी झंडी दिखाई और गुजरात में 1,500 करोड़ रुपए से अधिक की रेलवे परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया.

X
Sagar Bhardwaj

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को अहमदाबाद के साबरमती स्टेशन से भारत की पहली एलएनजी (LNG) ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस ऐतिहासिक अवसर के साथ ही उन्होंने WAG-12 इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव को भी हरी झंडी दिखाई. यह कदम भारतीय रेलवे को पर्यावरण-अनुकूल और हरित ऊर्जा की ओर ले जाने की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर माना जा रहा है.

LNG ट्रेन की खासियत

डीजल इंजनों की तुलना में LNG ट्रेनें कार्बन उत्सर्जन को लगभग 20-30% तक कम करती हैं. इसके अलावा इनसे पार्टिकुलेट मैटर (PM2.5/PM10) और सल्फर डाइऑक्साइड जैसी हानिकारक गैसों का उत्सर्जन लगभग न के बराबर होता है. इसके अलावा डीजल की तुलना में LNG काफी सस्ता होता है, जिससे रेलवे के परिचालन खर्च (Operational Cost) में बड़ी बचत होती है. साध ही अधिक ईंधन क्षमता होने के कारण LNG ट्रेनें बिना बार-बार रीफ्यूलिंग किए लंबी दूरी तय कर सकती हैं, जिससे माल ढुलाई और लंबी दूरी की यात्रा आसान हो जाती है. डीजल इंजन की तुलना में LNG पर चलने वाले इंजन काफी कम शोर और कंपन करते हैं. इसके अलावा स्वच्छ ईंधन होने के कारण इंजन में कार्बन जमाव कम होता है, जिससे स्पेयर पार्ट्स की टूट-फूट घटती है और मेंटेनेंस का खर्च कम हो जाता है.

1,500 करोड़ से रेल प्रोजेक्ट्स लॉन्च

कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने गुजरात में ₹1,500 करोड़ से अधिक मूल्य की विभिन्न रेलवे परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास किया. इन विकास कार्यों में रेलवे लाइनों का दोहरीकरण, 'कवच' ट्रेन सुरक्षा प्रणाली का विस्तार, स्वचालित सिग्नलिंग प्रणाली और WAG-12 इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव मेंटेनेंस शेड का निर्माण शामिल है. इन परियोजनाओं से रेल नेटवर्क अधिक सुरक्षित और कुशल बनेगा.

भारतीय रेलवे का आधुनिक कायाकल्प

जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे का पूरी तरह से आधुनिकीकरण हुआ है. उन्होंने डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, रैपिड रेल सिस्टम, वर्ल्ड-क्लास स्टेशनों और हाइड्रोजन ट्रेन का जिक्र करते हुए कहा कि भारत अब दुनिया के चुनिंदा 4 देशों में शामिल हो गया है. इसके अलावा मुंबई से वडोदरा के बीच लॉन्ग डबल स्टैक कंटेनर ट्रेन का ट्रायल भी सफल रहा है, जो 2040 तक की माल ढुलाई जरूरतों को पूरा करेगा.

डीजल की खपत घटाने और शत-प्रतिशत विद्युतीकरण का लक्ष्य

अमित शाह ने बताया कि मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत अभियान के कारण रेलवे की निर्भरता डीजल पर तेजी से घटी है. वर्ष 2015-16 में रेलवे 293 करोड़ लीटर डीजल का उपयोग करता था, जो घटकर बहुत कम रह गया है और 2030 तक इसे शून्य करने का लक्ष्य है. भारत में रेल नेटवर्क का 99.6 प्रतिशत विद्युतीकरण पूरा हो चुका है, जो चीन (92%), स्पेन (68%) और ब्रिटेन (49%) जैसे विकसित देशों से काफी आगे है.

कांग्रेस पर बोला हमला और गुजरात का बजट बढ़ाया

विपक्ष पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान भ्रष्टाचार और घोटाले हुए, जबकि पीएम मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल पर कोई भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा सका. उन्होंने बताया कि 2009-14 के दौरान गुजरात का रेलवे बजट केवल 589 करोड़ रुपए था, जिसे बढ़ाकर 2026-27 में ₹17,366 करोड़ कर दिया गया है. कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.