menu-icon
India Daily

'आपके पाप को देश की जनता कभी नहीं भूलेगी', वंदे मातरम् गान को लेकर अमित शाह का सोनिया गांधी पर हमला

राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर वंदे मातरम् के अपमान का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि देश की जनता इस मामले को कभी नहीं भूलेगी.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
'आपके पाप को देश की जनता कभी नहीं भूलेगी', वंदे मातरम् गान को लेकर अमित शाह का सोनिया गांधी पर हमला
Courtesy: ANI

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में कांग्रेस और सोनिया गांधी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम् का गायन चल रहा था. इसी दौरान सोनिया गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष से इसे रोकने के लिए कहा.

अमित शाह ने कहा कि सोनिया गांधी का यह कदम देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी. उन्होंने कहा कि करीब 80 साल बाद बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय का अमर गीत फिर सम्मान पा रहा है, लेकिन यह बात सोनिया गांधी को पसंद नहीं आ रही है.

अमित शाह ने कांग्रेस पर बोला हमला

अमित शाह ने कहा कि कोई व्यक्ति सपने में भी यह नहीं सोच सकता कि वंदे मातरम् को बीच में ही रोक दिया जाए. उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें इस घटना पर शर्म आनी चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस नेताओं में जरा भी शर्म बची है तो उन्हें दोनों हाथ जोड़कर बंकिम बाबू की अमर आत्मा और देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से वंदे मातरम् को फिर से सम्मान दिलाने का काम किया है. शाह ने कहा कि राष्ट्रगीत से जुड़ी भावनाएं देशवासियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं. उन्होंने कांग्रेस पर इसी भावना को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया.

अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण

अमित शाह ने रविवार को राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया. इसके बाद आयोजित जनसभा को संबोधित किया. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद किया. उन्होंने कहा कि वाजपेयी तीन बार देश के प्रधानमंत्री रहे. उनके नेतृत्व में 1999 में पोखरण परमाणु परीक्षण हुआ और उसी साल भारत ने कारगिल युद्ध में जीत हासिल की. भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अटल बिहारी वाजपेयी की मजबूत राष्ट्र की सोच को आगे बढ़ाया है. उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि इन अभियानों के जरिए भारत ने दुनिया के सामने अपनी सैन्य ताकत और मजबूत इच्छाशक्ति का परिचय दिया है.