एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित होंगे नए वायुसेना प्रमुख, 31 अक्टूबर को संभालेंगे पदभार

एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को अगला वायुसेना प्रमुख नियुक्त किया गया है. वह 31 अक्टूबर 2026 को एयर चीफ मार्शल के पद पर कार्यभार संभालेंगे.

@airnewsalerts
Sagar Bhardwaj

एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को भारतीय वायुसेना का अगला प्रमुख नियुक्त किया गया है. राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद जारी आदेश के मुताबिक, वह 31 अक्टूबर 2026 की दोपहर एयर चीफ मार्शल के पद पर कार्यभार संभालेंगे. उनका कार्यकाल 31 दिसंबर 2028 तक रहेगा.

स्वदेशी रक्षा कार्यक्रमों से जुड़ा अनुभव

दीक्षित भारतीय वायुसेना में स्वदेशी LCA तेजस और अन्य विमान कार्यक्रमों से जुड़े रहे हैं. उनके अनुभव को देखते हुए रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने वाली सरकार की नीति में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

 

3,500 घंटे से ज्यादा उड़ान का अनुभव

6 दिसंबर 1986 को वायुसेना की फाइटर स्ट्रीम में कमीशन हुए दीक्षित ने करीब चार दशक की सेवा पूरी की है. वह नेशनल डिफेंस एकेडमी, डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज और नेशनल डिफेंस कॉलेज के पूर्व छात्र हैं. उनके पास 3,500 घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव है.


इन विमानों को उड़ा चुके हैं दीक्षित

दीक्षित ने Mirage-2000, MiG, Jaguar, Tejas, IL-78, Hawk, Kiran, An-32 और Avro समेत कई विमानों पर उड़ान भरी है. वह एक्सपेरिमेंटल टेस्ट पायलट और क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर भी हैं.

ऑपरेशन सिंदूर में निभाई थी अहम भूमिका

अपने सैन्य करियर में वह ऑपरेशन सफेद सागर, ऑपरेशन रक्षक, Cope India और ऑपरेशन सिंदूर सहित कई अभियानों और सैन्य अभ्यासों से जुड़े रहे हैं. अब वायुसेना प्रमुख के रूप में उनके सामने परिचालन क्षमता और स्वदेशी रक्षा कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी.