मिडिल ईस्ट की आग से उड़ानें ठप, एयर इंडिया ने 2500 से ज्यादा फ्लाइट्स कीं रद्द; यात्री चेक करें अपडेट
मिडिल ईस्ट में अमेरिका-इजराइल-ईरान संघर्ष के कारण एयर इंडिया को तीन हफ्तों में 2500 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं. कंपनी अब इस रूट पर सिर्फ 30% क्षमता से उड़ान भर पा रही है.
नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध ने भारतीय विमानन क्षेत्र को बुरी तरह हिला दिया है. एयर इंडिया के सीईओ कैंपबेल विल्सन ने कर्मचारियों को भेजे नोट में बताया कि संघर्ष शुरू होने के तीन हफ्तों में कंपनी को 2500 से ज्यादा उड़ानें रद्द करनी पड़ीं. हवाई क्षेत्र बंद होने और सुरक्षा कारणों से मिडिल ईस्ट रूट पर सिर्फ 30% ऑपरेशन संभव हो पा रहा है.
जेट ईंधन की कीमतें स्पॉट मार्केट में दोगुनी से ज्यादा बढ़ गई हैं. इससे कंपनी की लागत आसमान छू रही है. लंबे रूट्स पर और ज्यादा ईंधन खपत हो रही है. कंपनी ने नए टिकटों पर ईंधन सरचार्ज लगा दिया है, लेकिन यात्रा मांग कम होने से किराया बहुत ज्यादा नहीं बढ़ाया जा सकता
उड़ानों पर गहरा असर
एयर इंडिया को मिडिल ईस्ट जाने वाली उड़ानों में भारी कटौती करनी पड़ी. हवाई अड्डे बंद हैं या सुरक्षा सीमा से बाहर हैं. ब्रिटेन, यूरोप और उत्तरी अमेरिका की फ्लाइट्स को पहले से लंबे रास्तों पर और दूर ले जाया जा रहा है. इससे ईंधन ज्यादा लग रहा है और समय भी बढ़ रहा है. कंपनी का पूरा नेटवर्क अस्थिर हो गया है.
जेट ईंधन की कीमतों में उछाल
संघर्ष से तेल आपूर्ति प्रभावित हुई है. जेट फ्यूल की स्पॉट कीमतें दोगुनी से ज्यादा हो गई हैं. इसका पूरा असर अगले महीने से कंपनी की किताबों पर दिखेगा. गल्फ क्षेत्र के कुछ प्रतियोगी इससे ज्यादा प्रभावित हैं, लेकिन एयर इंडिया के लिए भी यह बड़ा झटका है. लागत नियंत्रण के लिए गैर-जरूरी खर्चों पर कड़ी नजर रखी जा रही है.
ईंधन अधिभार और किराया बढ़ोतरी
बढ़ती लागत की भरपाई के लिए एयर इंडिया ने नए टिकटों पर ईंधन अधिभार लगा दिया है. लेकिन सीईओ विल्सन ने चेतावनी दी कि हर यात्री ज्यादा किराया देने को तैयार नहीं. आर्थिक अनिश्चितता के बीच मांग गिर सकती है. इसलिए किराया एक सीमा तक ही बढ़ाया जा सकता है. इससे आगे फ्लाइट्स कटौती की भी आशंका है.
कर्मचारियों का धन्यवाद और सुरक्षा प्राथमिकता
सीईओ ने संचालन टीम, एयरपोर्ट स्टाफ, कॉल सेंटर और क्रू सदस्यों का शुक्रिया अदा किया. उन्होंने कहा कि शेड्यूल में अस्थिरता दुखद है, लेकिन क्रू और यात्रियों की सुरक्षा सबसे ऊपर है. मिडिल ईस्ट में फंसे कर्मचारियों के लिए शुभकामनाएं दी गईं. कंपनी सुरक्षित ऑपरेशन पर फोकस कर रही है.