एक्टर विजय के कार्यक्रम में फिर हादसा, काफिले के पीछे भागे समर्थक, दो महिलाओं समेत 6 लोग घायल
यह पहली बार नहीं है जब विजय की राजनीतिक कार्यक्रम में ऐसा हादसा हुआ हो. इससे पहले करूर में हुई एक रैली में 41 लोगों की जान चली गई थी.
तमिलनाडु के थंजावुर में अभिनेता-राजनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कजगम (TVK) के कार्यक्रम के दौरान एक बार फिर हादसा हो गया. बुधवार को आयोजित इस कार्यक्रम में कम से कम छह लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक, यह हादसा उस समय हुआ जब कुछ समर्थक विजय के काफिले के पीछे-पीछे अपनी गाड़ियों से चलने लगे. इसी दौरान अफरा-तफरी मच गई और कई लोग गिरकर घायल हो गए. घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे हैं.
घायलों में पी. विग्नेश नाम का एक तीसरे वर्ष का कॉलेज छात्र भी शामिल है. बताया जा रहा है कि वह अपनी मोटरसाइकिल से काफिले का पीछा कर रहा था, तभी संतुलन बिगड़ने से गिर पड़ा. उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. एक अन्य युवक के पैर में फ्रैक्चर हुआ है. इसके अलावा दो महिलाएं भी घायल हुई हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पतालों में भेजा गया है.
'चुनाव मेरे लिए भावनाओं का सागर'
थंजावुर में पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए विजय ने आने वाले विधानसभा चुनाव को बेहद खास बताया. उन्होंने कहा कि यह चुनाव सिर्फ एक सामान्य चुनाव नहीं, बल्कि उनके और उनके समर्थकों के लिए भावनाओं का सागर है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि पार्टी का चुनाव चिन्ह “सीटी” हर घर और हर बूथ तक पहुंचना चाहिए. विजय ने सत्ताधारी द्रविड़ मुन्नेत्र कजगम पर भी निशाना साधते हुए उसे 'बुरी ताकत' बताया. इस ताजा हादसे के बाद एक बार फिर बड़े आयोजनों में सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर चर्चा तेज हो गई है.