CJP चीफ अभिजीत दिपके ने मुंबई में शुरू किया 'जेल भरो आंदोलन', नसीरुद्दीन शाह और विशाल ददलानी का मिला साथ
मुंबई के शिवाजी पार्क में CJP संस्थापक अभिजीत दिपके ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 'जेल भरो आंदोलन' शुरू किया. प्रदर्शन में नसीरुद्दीन शाह और विशाल ददलानी भी पहुंचे.
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मुंबई के शिवाजी पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP का प्रदर्शन शुरू हो गया है. पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने यहां 'जेल भरो आंदोलन' का ऐलान किया है. प्रदर्शन में अभिनेता नसीरुद्दीन शाह और गायक विशाल ददलानी भी शामिल हुए. प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग और चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर अपनी नाराजगी जताई.
CJP की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की जा रही है. पार्टी ने चुनावी मतदाता सूचियों और स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी SIR प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों के आरोप लगाए हैं. प्रदर्शन स्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. CJP प्रवक्ता सौरव दास ने मुंबई के लोगों से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की.
'जेल भरो आंदोलन' का ऐलान
अभिजीत दिपके ने शिवाजी पार्क में शाम 4 बजे 'जेल भरो आंदोलन' शुरू करने की घोषणा की थी. CJP इससे पहले भी मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन कर चुकी है. पार्टी का कहना है कि उसका आंदोलन स्वतंत्र है और वह विपक्षी दलों के 6 अक्टूबर को प्रस्तावित चुनाव आयोग विरोधी प्रदर्शन में शामिल नहीं होगी.
Also Read
प्रदर्शन स्थल पर तिरंगे लहराते हुए प्रदर्शनकारी 'चले जाओ', 'वापस दो' और 'बंद करो' जैसे नारे लगाते दिखाई दिए. फिल्मी संवादों और व्यंग्यात्मक मीम्स के जरिए भी मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर विरोध दर्ज कराया गया.
CJP के खिलाफ भी हुआ प्रदर्शन
शिवाजी पार्क में CJP के प्रदर्शन के बीच 'Gen Next Mumbai' नाम से एक समूह ने भी काउंटर-प्रोटेस्ट किया. समूह के एक प्रदर्शनकारी ने अभिजीत दिपके पर संविधान को खत्म करने की बात करने का आरोप लगाया. प्रदर्शनकारी ने कहा कि उनका समूह संविधान की रक्षा और सम्मान के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहा है.
इस बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने चुनाव आयोग के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर कहा है कि इन आरोपों का पहले ही जवाब दिया जा चुका है. वहीं CJP अपने आरोपों और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग पर कायम है.
दिल्ली में भी प्रदर्शन
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर 2 अक्टूबर को दिल्ली में भी प्रदर्शन का आह्वान किया गया है. जंतर-मंतर पर सामाजिक कार्यकर्ताओं और छात्र संगठनों की ओर से प्रदर्शन प्रस्तावित है. AISA, राज्यसभा सांसद मनोज झा और सुप्रीम कोर्ट के वकील प्रशांत भूषण ने प्रदर्शन का समर्थन किया है. AAP नेताओं आतिशी, संजय सिंह और मनीष सिसोदिया ने भी लोगों से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है.
इस पूरे मामले में प्रदर्शनकारी चुनावी मतदाता सूचियों और SIR प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की जांच और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. दूसरी ओर, चुनाव आयोग के खिलाफ लगाए गए आरोपों को लेकर अलग-अलग राजनीतिक पक्षों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं.