menu-icon
India Daily

'मंत्रीजी, LG साहब ने आपको गाली नहीं दी...', ये कहां पहुंच गई दिल्ली के पानी की जंग?

भीषण गर्मी के बीच राजधानी दिल्ली को भारी जल संकट का सामना करना पड़ रहा है. सरकार की लाख कोशिशों के बाद भी इस समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है. इसी बीच दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने एलजी पर उन्हें गालियां देने का आरोप लगाया है. आतिशी के आरोपों पर अब एलजी ऑफिस ने प्रतिक्रिया दी है.

India Daily Live
'मंत्रीजी, LG साहब ने आपको गाली नहीं दी...', ये कहां पहुंच गई दिल्ली के पानी की जंग?
Courtesy: SOCIAL MEDIA

Delhi Water Crisis: देश की राजधानी दिल्ली इस वक्त भारी जल संकट से जूझ रही है. दिल्ली में पानी संकट के लिए दिल्ली की सरकार और दिल्ली के उपराज्यपाल एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं. इसी कड़ी में दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने बुधवार शाम को एक्स पर एक लंबा चौड़ा नोट लिखकर LG वीके सक्सेना पर गंभीर आरोप लगाए हैं. आतिशी का आरोप है कि उपराज्यपाल ने पत्रकारों को लिखी एक प्रेस रिलीज में उन्हें जमकर गालियां दी हैं और उन्हें बुरा-भला कहा है.

आतिशी ने किया ट्वीट

आतिशी ने ट्वीट कर लिखा, 'आज LG ऑफिस ने सभी पत्रकारों को एक प्रेस रिलीज़ भेजा। उसमें मुझे बहुत गालियाँ दी हैं। मेरे बारे में बहुत ख़राब बातें कहीं है।

मैं LG साहब से हाथ जोड़ के इतना ही कहूँगी- मुझे पता है कि आप और भाजपा वाले हमसे बहुत नफ़रत करते हैं, क्योंकि दिल्ली वाले बार बार अपने बेटे अरविंद केजरीवाल को भारी बहुमत से मुख्यमंत्री बनाते हैं। लेकिन हमसे नफ़रत करते करते, आपको दिल्ली वालों से नफ़रत हो गई है।  आपने हमें जितनी गालियाँ देनी हैं, दे दीजिए; आपने हमें जितना बुरा भला कहना है, कह लीजिए। लेकिन हमसे नफ़रत की वजह से आप दिल्ली वालों के हक़ का पानी मत रुकवाइये। दिल्ली वाले पानी की कमी से बहुत परेशान हैं। अगर हरियाणा की भाजपा सरकार दिल्ली को पानी दे देगी, तो सभी दिल्ली वालों को आराम मिलेगा।'

LG ऑफिस ने दी प्रतिक्रिया
आतिशी के आरोपों पर उपराज्यपाल के ऑफिस ने प्रतिक्रिया दी है. एलजी ऑफिस ने ट्वीट कर कहा कि एलजी साहब ने आपको कोई गाली नहीं दी. बल्कि साक्ष्य समेत आपके सफेद झूठ का पर्दाफाश किया है. आपके द्वारा दिल्ली के लोगों को भ्रमित करने का पर्दाफाश किया है. एलजी ऑफिस ने आगे लिखा कि उन्हें आशा है कि आप दिल्ली में पानी की चोरी व बर्बादी  रोककर लोगों को पानी देंगीं.