menu-icon
India Daily

मानसून की एंट्री से बदला देश में मौसम का मिजाज, इन राज्यों में तूफानी आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी

देश में भीषण गर्मी और लू के बीच मानसून सक्रिय हो रहा है. मौसम विभाग ने 17 राज्यों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है. चलिए जानते हैं आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
मानसून की एंट्री से बदला देश में मौसम का मिजाज, इन राज्यों में तूफानी आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: देशभर में भीषण गर्मी के बीच अब मौसम तेजी से करवट लेता नजर आ रहा है. एक तरफ कई राज्यों में लोगों का गर्मी और लू से हाल बेहाल है, तो दूसरी तरफ मानसून की गतिविधियां भी तेजी पकड़ रही हैं. IMD ने झारखंड, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, केरल समेत 17 राज्यों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है.

मौसम विभाग के अनुसार इन राज्यों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कई इलाकों में बिजली गिरने और भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 से 3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ सकता है.

इसके चलते दक्षिण-पूर्व अरब सागर, कोमोरिन क्षेत्र, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के कई हिस्सों में मौसम बदलने के आसार हैं. केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, असम, मेघालय और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है.

राजधानी में कैसा है मौसम?

दिल्ली में फिलहाल भीषण गर्मी का असर जारी है. मौसम विभाग ने 25 मई तक लू का अलर्ट जारी किया है. राजधानी में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. हालांकि तेज हवाओं के झोंके लोगों को थोड़ी राहत दे सकते हैं.

यूपी के जिलों में कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बेहद गर्म बना हुआ है. बांदा, चित्रकूट, कानपुर, उन्नाव, मिर्जापुर और कई जिलों में 28 मई तक लू का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं गोरखपुर, वाराणसी, आजमगढ़ और अयोध्या समेत पूर्वी यूपी के जिलों में भीषण लू चलने की चेतावनी दी गई है.

बिहार में क्या जारी किया गया अलर्ट?

बिहार में 25 मई को भारी बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया गया है. पटना समेत दरभंगा, मधुबनी, गया, भागलपुर और पूर्णिया में आंधी और बारिश हो सकती है. झारखंड के रांची, धनबाद, जमशेदपुर और बोकारो में भी मौसम बदलने के संकेत हैं.

पहाड़ी इलाकों में कैसा रहेगा मौसम?

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में तेज हवाओं, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है. शिमला, नैनीताल, कांगड़ा और चमोली जैसे क्षेत्रों में मौसम खराब रह सकता है. वहीं राजस्थान के जैसलमेर, बीकानेर और बाड़मेर में धूल भरी आंधी और भीषण लू का असर देखने को मिल सकता है.

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है.