देश के अधिकांश हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है, जिससे कई राज्यों में लगातार बारिश हो रही है. इसी बीच दक्षिण झारखंड और उत्तरी ओडिशा के अंदरूनी क्षेत्रों के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र ने मौसम की गतिविधियों को और तेज कर दिया है.
मौसम विभाग का कहना है कि मानसून की उत्तरी सीमा फिलहाल जामनगर, उदयपुर, अजमेर, झुंझुनूं, हिसार और भटिंडा से होकर गुजर रही है. परिस्थितियां अनुकूल रहने पर अगले कुछ दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून गुजरात, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के शेष क्षेत्रों तक भी पहुंच सकता है.
आईएमडी ने देश के 22 राज्यों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है. प्रभावित राज्यों में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, तमिलनाडु, केरल, मिजोरम, त्रिपुरा और जम्मू-कश्मीर सहित कई अन्य राज्य शामिल हैं. इन राज्यों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है.
उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तथा ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट के समीप समुद्री क्षेत्र में मौसम बेहद खराब रहने की संभावना है. इसे देखते हुए मौसम विभाग ने 7 जुलाई तक मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है. विभाग का कहना है कि समुद्र में ऊंची लहरें और तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी अगले तीन दिनों तक मौसम बदला रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार 7 जुलाई को हल्की से मध्यम बारिश के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. उत्तर प्रदेश में 7 से 12 जुलाई के बीच कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. बिहार में भी पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर और अन्य जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. राजस्थान के जयपुर, उदयपुर, अजमेर, कोटा, जोधपुर और अन्य जिलों में भी बारिश की चेतावनी दी गई है.