menu-icon
India Daily

मौसम का बड़ा उलटफेर! कई राज्यों में बारिश, बर्फबारी और घने कोहरे का अलर्ट

भारत मौसम विभाग ने 6 फरवरी को कई राज्यों में बारिश, बर्फबारी, घने कोहरे और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
मौसम का बड़ा उलटफेर! कई राज्यों में बारिश, बर्फबारी और घने कोहरे का अलर्ट
Courtesy: social media

नई दिल्ली: देश के मौसम में एक बार फिर बदलाव के संकेत मिल रहे हैं. भारत मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से उत्तर भारत और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में 6 फरवरी को बारिश और बर्फबारी की संभावना है. कई मैदानी राज्यों में घना कोहरा छा सकता है, जिससे जनजीवन प्रभावित होगा. इसके साथ ही उत्तर-पश्चिम भारत में तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जो ठंड का असर और बढ़ा सकती हैं.

उत्तर भारत में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट

IMD के अनुसार जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 5 से 6 फरवरी के बीच बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है. पर्वतीय इलाकों में तापमान में गिरावट के साथ सड़कों पर फिसलन बढ़ने की आशंका है. 9 से 11 फरवरी के दौरान भी एक और पश्चिमी विक्षोभ के कारण इन राज्यों में दोबारा मौसम बिगड़ सकता है.

घने कोहरे से बढ़ेगी परेशानी

6 फरवरी को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और बिहार में सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. दृश्यता कम होने से सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है. हिमाचल प्रदेश में 7 फरवरी की सुबह और रात को भी कोहरा छाए रहने का अनुमान है, जिससे ठंड का असर और बढ़ेगा.

तेज हवाएं और तापमान में बदलाव

मौसम विभाग ने बताया कि अगले दो से तीन दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है, जिससे सर्दी और तेज महसूस होगी.

दिल्ली, यूपी और अन्य राज्यों का हाल

दिल्ली-एनसीआर में 6 फरवरी को आंशिक बादल छाए रहेंगे और सुबह हल्का कोहरा रहेगा. यूपी में सुबह घना कोहरा और दिन में ठंडी हवाएं चल सकती हैं. बिहार में भी कोहरे को लेकर अलर्ट है. राजस्थान में हल्का कोहरा और तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है, जबकि जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी से यातायात प्रभावित हो सकता है.