US Israel Iran War Tamil Nadu Assembly Election 2026

दिल्ली-यूपी समेत इन राज्यों में आएगा आंधी-तूफान, बारिश से लोगों की बढ़ेगी मुसीबत; यहां देखें IMD अलर्ट

मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत कई उत्तर-पूर्वी राज्यों में बारिश की संभावना जताई है. मौसम में बदलाव के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है. खास कर किसानों के लिए यह मुसीबत की बारिश साबित हो सकती है.

ANI
Shanu Sharma

उत्तर भारत के कई राज्यों में अचानक मौसम करवट लेने वाली है. पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने की वजह से आंधी, बारिश और बर्फबारी के भी आसार है. भारतीय मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान समेत कुल 9 राज्यों में आज आंधी-बारिश की संभावना है. हालांकि बदलते मौसम के कारण किसानों को फसलों  के नुकसान का खतरा मंडरा रहा है. 

दिल्ली-एनसीआर में मौसम विभाग ने 8 अप्रैल तक बारिश की संभावना जताई है. तापमान में गिरावट से लोगों को गर्मी से राहत मिल सकता है. गरज-चमक के साथ बारिश और तेज  हवाओं के कारण घर से बाहर निकलने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है. साथ ही बिजली गिरने की संभावना है, इसलिए सतर्क रहने की सलाह दी गई  है. 

यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में बदला मौसम का मिजाज

मौसम विभाग ने दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में 6 से 8 अप्रैल तक भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है. वहीं बिहार में पटना, चंपारण, गया, रोहतास और औरंगाबाद जैसे जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है. इस बारिश के कारण किसानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है. राजस्थान में भी 6 से 8 अप्रैल तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा. तेज हवाओं के साथ बारिश के कारण किसानों के फसल बर्बाद होने का खतरा बना हुआ है. कई जिलों में बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना है.

पहाड़ी इलाकों में भी अलर्ट जारी

पहाड़ी इलाकों की बात करें तो हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में 7-8 अप्रैल को ओलावृष्टि के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. मौसम का यह रुख 10 अप्रैल तक रह सकता है. जम्मू-कश्मीर में 8-9 अप्रैल को हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जिससे भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा है. उत्तराखंड में नैनीताल, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में 6-7 अप्रैल को भारी बारिश, गरज और 30-60 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाओं का अलर्ट है.

मध्य प्रदेश के भोपाल, सतना, कटनी समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. हरियाणा, पंजाब और पश्चिम बंगाल में 9 अप्रैल तक मौसम ठंडा रहने वाला है. हालांकि कुछ जिलों में बारिश से लोगों की परेशानी बढ़ सकती है. वहीं दक्षिण  राज्यों की बात करें तो तमिलनाडु और पुडुचेरी के भी कुछ इलाकों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है.