UP-बिहार से दिल्ली तक आज भारी बारिश का अलर्ट, 20 राज्यों में आंधी का खतरा

देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर से एक्टिव हो गया है. मौसम विभाग ने 4 सितंबर को उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान समेत 20 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है.

ANI
Shanu Sharma

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 4 सितंबर को उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में बारिश का दौर देखने को मिल सकता है.

IMD ने कई इलाकों में तेज आंधी चलने की भी संभावना जताई है. कुछ स्थानों पर हवा की गति 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. ऐसे में खुले इलाकों और कमजोर ढांचों के आसपास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

दिल्ली-पंजाब में भी आंधी और बारिश

राजधानी दिल्ली में आज यानी 4 सितंबर को तेज बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. वहीं पंजाब के कई जिलों में आज बारिश की संभावना जताई गई है. बारिश की कमी के कारण पंजाब के लोगों को परेशानी हो रही थी. लेकिन आज  जालंधर, पटियाला, संगरूर, पठानकोट, बठिंडा, अमृतसर, लुधियाना और गुरदासपुर में भी तेज बारिश और आंधी का अलर्ट है. 


पूर्वोत्तर में मध्य प्रदेश और आसपास बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से राज्य में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है. 4 और 5 सितंबर को मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. गुना, भोपाल, विदिशा, सागर, ग्वालियर, नीमच और कटनी में तेज बारिश और आंधी की संभावना है. 

यूपी और बिहार में भी बिगड़ेगा मौसम

उत्तर प्रदेश के मेरठ, मुजफ्फरनगर, गौतमबुद्ध नगर, आगरा, मथुरा, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी और देवरिया समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है. वहीं बिहार में पटना, गया, भोजपुर, बक्सर, वैशाली, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार और बेगूसराय समेत कई जिलों में बारिश और आंधी की संभावना है. हवा की गति करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है.

पहाड़ों में भूस्खलन का खतरा

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बारिश के साथ मुश्किलें बढ़ सकती हैं. उत्तराखंड के बागेश्वर, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, उत्तरकाशी, हरिद्वार, ऋषिकेश और रुद्रप्रयाग में भारी बारिश की संभावना है. हिमाचल के शिमला, कुल्लू, कांगड़ा, बिलासपुर, मंडी, सोलन और लाहौल-स्पीति में भी मौसम खराब रह सकता है. जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और अचानक जलस्तर बढ़ने का खतरा देखते हुए लोगों और यात्रियों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है.