Aaj Ka Mausam: 17 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी किया अपडेट
Weather Update: देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने लोगों की जिंदगी पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दी है. सड़कें जलमग्न हो रही हैं, ट्रेनें प्रभावित हो रही हैं और कई जगहों पर बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है.
Weather Update: देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने लोगों की जिंदगी पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दी है. सड़कें जलमग्न हो रही हैं, ट्रेनें प्रभावित हो रही हैं और कई जगहों पर बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है. ऐसे में मौसम विभाग (IMD) ने आज 29 जुलाई को देश के 17 राज्यों में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आंधी के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है.
मौसम विभाग के अनुसार अगले 4 से 5 दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत और मध्य भारत में मानसून काफी सक्रिय रहेगा. इस वजह से कई राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, निचले इलाकों में रहने वाले लोग सतर्क रहें और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करें.
किन राज्यों में है भारी बारिश का अलर्ट?
IMD ने 29 जुलाई को छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, झारखंड, बिहार, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, उत्तर प्रदेश और कई अन्य राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है.
Also Read
दिल्ली में मौसम का हाल:
राजधानी दिल्ली में कल मंगलवार को तेज बारिश हुई थी. मौसम विभाग के मुताबिक आज बुधवार को भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. 30 जुलाई को भी पूरे दिन बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश हो सकती है. दिल्लीवासियों को जलभराव और ट्रैफिक की समस्या का सामना करना पड़ सकता है.
उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट:
उत्तर प्रदेश में मानसून पूरे जोरों पर है. 29 जुलाई से 3 अगस्त तक पूरे प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. पश्चिमी यूपी के मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बिजनौर, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, मुरादाबाद, बरेली जैसे जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं पूर्वी यूपी के लखनऊ, अयोध्या, गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी.
बिहार में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट:
बिहार में भी मौसम खराब रहने वाला है. पटना, गया, नालंदा, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर समेत लगभग सभी जिलों में 29 जुलाई को बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. 31 जुलाई से 3 अगस्त के बीच कई जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
राजस्थान में भारी बारिश:
पूर्वी राजस्थान के जयपुर, दौसा, अलवर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा जैसे जिलों में 29 जुलाई से 3 अगस्त तक भारी बारिश होने वाली है. इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश:
हिमाचल प्रदेश में 29 जुलाई से 3 अगस्त तक लगातार भारी बारिश होने की संभावना है. शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, चंबा समेत सभी जिलों में अलर्ट जारी है. कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश भी हो सकती है. उत्तराखंड में भी देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, पिथौरागढ़ समेत सभी जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है.
जम्मू-कश्मीर और झारखंड का हाल:
जम्मू-कश्मीर में 29 जुलाई से 3 अगस्त तक कई इलाकों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना है. तेज हवाएं 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. झारखंड में रांची, जमशेदपुर, बोकारो, धनबाद समेत सभी जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है. 29 जुलाई और 2-3 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है.