प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार शाम दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय पहुंचकर पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में गठित नई टीम से मुलाकात की. नितिन नबीन ने उनका स्वागत किया. इस दौरान मोदी और नबीन ने पार्टी के नवनियुक्त पदाधिकारियों के साथ तस्वीर भी खिंचवाई.
बीजेपी ने 17 अगस्त को 65 सदस्यीय नई टीम की घोषणा की थी. इसमें 51 नए चेहरों को जगह मिली है. कविता पाटीदार, के. सुरेंद्रन, मनोज तिग्गा और संदीप पाठक समेत कई नेताओं को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं. राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भी नई व्यवस्था में प्रमुख भूमिका निभाएंगी.
नई टीम के साथ बैठक में नितिन नबीन ने लगातार ‘युवा संवाद’ को प्राथमिकता देने की बात कही. पार्टी 14 वर्ष और उससे अधिक उम्र के युवाओं तक पहुंच बनाने के लिए बड़े स्तर पर अभियान की तैयारी कर रही है. इसके लिए वरिष्ठ नेताओं की टीमें गठित की जा रही हैं, जबकि बीजेपी युवा मोर्चा को इनके गठन और सक्रियता की जिम्मेदारी दी गई है.
इससे पहले बीजेपी ने वंदे मातरम की ऐतिहासिक विरासत और राष्ट्रीय महत्व को लेकर प्रस्ताव पारित किया. पार्टी ने कांग्रेस कार्यसमिति के उस फैसले पर आपत्ति जताई, जिसमें कार्यक्रमों में राष्ट्रगीत की केवल पहली दो कड़ियां गाने की बात कही गई है.
बीजेपी ने कहा कि वंदे मातरम को राजनीतिक या वोट-बैंक के समीकरणों तक सीमित नहीं किया जा सकता. पार्टी ने राष्ट्रगीत की पूरी विरासत, गरिमा और राष्ट्रीय महत्व को कायम रखने का संकल्प जताया.