मुंबई: विमल इलायची के विज्ञापन को लेकर बॉलीवुड के तीन बड़े सितारे मुश्किल में घिरते दिख रहे हैं. महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ से जवाब मांगा है. FDA का कहना है कि विज्ञापन प्रतिबंधित पान मसाला ब्रांड से अप्रत्यक्ष जुड़ाव बना सकता है.
महाराष्ट्र FDA आयुक्त तुकाराम मुंढे ने बताया कि तीनों अभिनेताओं की ओर से अभी तक नोटिस का कोई जवाब नहीं आया है. FDA ने उन्हें लिखित स्पष्टीकरण और जरूरी दस्तावेज देने के लिए 15 दिन का समय दिया है. अधिकारियों के मुताबिक, जवाब मिलने या निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद मामले में अगला कदम उठाया जाएगा. नियामक ने कलाकारों से विज्ञापन अभियान में हिस्सा नहीं लेने और सोशल मीडिया से इससे जुड़ी प्रचार सामग्री हटाने को भी कहा है.
FDA के मुताबिक विवाद उस विज्ञापन से जुड़ा है, जिसमें ‘विमल’ ब्रांड के नाम से इलायची का प्रचार किया गया है. विभाग को आशंका है कि इससे ऐसे पान मसाला उत्पाद का अप्रत्यक्ष प्रचार हो सकता है, जिस पर महाराष्ट्र में रोक लगी हुई है. नोटिस खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत जारी किए गए हैं. विभाग अब यह देख रहा है कि विज्ञापन में कलाकारों की भूमिका क्या थी और ब्रांड के प्रचार से प्रतिबंधित उत्पाद के साथ कोई संबंध बनता है या नहीं.
महाराष्ट्र में तंबाकू या निकोटीन वाले पान मसाला के निर्माण, भंडारण, परिवहन, वितरण और बिक्री पर प्रतिबंध लागू है. यह रोक 13 जुलाई से प्रभावी हुई है और फिलहाल एक साल के लिए लागू रहेगी. इसी मामले में चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री ने भी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर कार्रवाई और जुर्माने की मांग की है. संगठन का कहना है कि लोकप्रिय चेहरा होने से किसी को कानून से अलग छूट नहीं मिल सकती. अब सबकी नजर FDA की तय समयसीमा और तीनों कलाकारों के जवाब पर है.