IPL 2026

बिहार-झारखंड में आंधी-बारिश, दिल्ली-एनसीआर में IMD का लू अलर्ट जारी; यहां जानें कैसा रहेगा आज का मौसम 

आज 20 मई 2026 को देश में दो तरह के मौसम देखने को मिलेंगे. कुछ राज्यों में आंधी-बारिश तो वहीं कुछ राज्यों में लू के कारण लोगों की परेशानी बढ़ सकती है. तो चलिए जानते हैं कैसा रहेगा आज का मौसम

ANI
Shanu Sharma

मौसम विभाग की ओर से 17 राज्यों के कई जिलों में तेज आंधी-बारिश की चेतावनी दी गई है. हालांकि दिल्ली-एनसीआर समेत कई जगहों पर आज भी लू चलने की  संभावना है. ऐसे में अगर आप भी घर से निकलने का प्लान बना रहे हैं, तो कहीं जाने से पहले मौसम का हाल जान लें.

IMD की ओर से आज दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में लू चलने की संभावना जताई गई है. आज यहां अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. जिसके कारण कई लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी हो सकती है. जिसकी तैयारी पहले ही कर लें.

इन राज्यों में लू चलने की चेतावनी

मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज गर्मी चरम पर रहने की उम्मीद है. कई जिलों में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंचेगा. हीट वेव की वजह से दोपहर के समय में बच्चों और बुजुर्गों को घर से बाहर न निकलने दें. राजस्थान में भी आज लू की चेतावनी है. बीकानेर, जयपुर, कोटा समेत कई जिलों में हीट वेव चलने की उम्मीद है, ऐसे में कहीं भी घूमने का प्लान अभी ना बनाएं.

पंजाब में भी लू अलर्ट जारी किए गए हैं. खासतौर पर अमृतसर, बठिंडा और पटियाला जैसे जिलों में लू चलने की प्रबल संभावना है. मध्य प्रदेश में मौसम मिला-जुला रहने वाला है. कुछ इलाकों में लू चलेगी, हालांकि कुछ जिलों में शाम तक बूंदाबांदी हो सकती है. हालांकि यह मौसम बीमार करने वाला मौसम होता है. ऐसे में अपनी सुरक्षा की पूरी तैयारी रखें.

इन राज्यों में आंधी-बारिश के अलर्ट

IMD द्वारा एक ओर जहां कई राज्यों में  लू चलने की चेतावनी दी गई है. वहीं दूसरी तरफ कई राज्यों में आंधी-बारिश की भी संभावना जताई गई है. उत्तराखंड में आज से लेकर अगले तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. पहाड़ी इलाकों में बिजली गिरने की भी संभावना है.

हिमाचल प्रदेश में भी अगले 48 घंटे में बारिश की संभावना है. जिसकी वजह से तापमान काफी नीचे आएगा. पर्यटकों को खूबसूरत नजारा देखने को मिल सकता है. बिहार में भी आज से मौसम थोड़ा ठंडा हो सकता है. राज्य के कई जिलों में तेज आंधी आने की संभावना है. झारखंड के भी कई  जिलों में आज तेज आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई गई है. इसके अलावा दक्षिण के राज्यों में भी बारिश के अलर्ट जारी किए गए हैं.