देशभर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग ने नया मौसम बुलेटिन जारी करते हुए 25 जुलाई तक कई राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी है.
विभाग के अनुसार उत्तर पश्चिम, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा. मौसम विभाग ने लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों पर लगातार नजर रखने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है.
जम्मू कश्मीर में लगातार हो रही तेज बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है. बादल फटने, भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ जैसी घटनाओं से कई इलाकों में जानमाल का नुकसान हुआ है. दूसरी ओर उत्तराखंड में खराब मौसम को देखते हुए सोमवार को स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया गया है.
पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़क संपर्क बाधित होने की खबर है, जबकि बिहार और पश्चिम बंगाल में भी लगातार बारिश दर्ज की गई है. आईएमडी के अनुसार मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कई इलाकों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है. उत्तराखंड में 20 जुलाई, जम्मू कश्मीर में 20 से 22 जुलाई और हिमाचल प्रदेश में 20 तथा 21 जुलाई को तेज बारिश की संभावना जताई गई है.
इसके अलावा हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 20 से 23 जुलाई के बीच बारिश का दौर तेज रहेगा. उत्तर प्रदेश में 24 जुलाई तक अच्छी बारिश होने का अनुमान है, जबकि पूर्वी राजस्थान में 23 से 25 जुलाई तक वर्षा की गतिविधियां बनी रह सकती हैं. कई क्षेत्रों में गरज चमक, बिजली गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका है.
पूर्वी भारत में पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा और सिक्किम में अगले सात दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है. पश्चिम बंगाल और सिक्किम के लिए अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 25 जुलाई तक व्यापक वर्षा का अनुमान है. मौसम विभाग ने भारी बारिश वाले क्षेत्रों के लोगों को नदी, नालों और भूस्खलन संभावित स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है.