उत्तर भारत के 7 राज्यों में मौसम लाएगा तूफान! मैदानी इलाकों में होगी बारिश, पहाड़ों पर बिछेगी वर्फ की चादर
उत्तर भारत के सात प्रदेशों में 2 और 3 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश, आंधी, ओले और पहाड़ों में बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया गया है. तापमान नीचे गिरेगा, तेज हवाएं चलेंगी और कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हो सकता है.
नई दिल्ली: उत्तर भारत में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है. भारतीय मौसम विभाग ने 2 और 3 फरवरी के लिए जम्मू-कश्मीर से लेकर उत्तर प्रदेश तक सात राज्यों में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है. पश्चिमी विक्षोभ के दो-दो सिस्टम सक्रिय होने से दिल्ली-एनसीआर सहित मैदानी इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चल सकती हैं. पहाड़ी क्षेत्रों में जमकर बर्फ होने की संभावना है, जिससे ठंड में इजाफा होगा. लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
पहाड़ों में बर्फबारी, मैदानों में आंधी-पानी
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 2-3 फरवरी को बिजली के साथ बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में अच्छी खासी बर्फबारी होने की उम्मीद है. हवाओं की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. हिमाचल में मनाली, शिमला और कुल्लू जैसे इलाकों में पहले से बर्फबारी शुरू हो चुकी है, जिससे पर्यटन स्थल खूबसूरत हो उठे हैं.
मैदानी राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि
उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और पूर्वी राजस्थान में 2 फरवरी को हल्की से मध्यम बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना है. यूपी में कुछ जिलों में घना कोहरा भी रहेगा. मध्य प्रदेश के कई जिलों जैसे ग्वालियर, रीवा, गुना, शिवपुरी में जोरदार बारिश और आंधी-ओले पड़ सकते हैं. लोगों को घर से निकलते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल का विस्तृत पूर्वानुमान
जम्मू-कश्मीर में 10 फरवरी तक मौसम प्रभावित रह सकता है. 2 फरवरी रात और 3 फरवरी को बर्फबारी होगी, जबकि 4 से 6 फरवरी तक मौसम साफ रहेगा. हिमाचल में भी बर्फबारी जारी रहने के आसार हैं. मनाली में 10 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है, जिससे पर्यटकों की भीड़ बढ़ गई है.
पंजाब, हरियाणा, राजस्थान में सतर्कता बरतें
पंजाब में सोमवार को 9 जिलों में बारिश और 11 जिलों में धुंध का येलो अलर्ट है. हरियाणा में शनिवार को ओले गिर चुके हैं. राजस्थान के कुछ इलाकों में रविवार को हल्की बारिश हुई और 2-3 फरवरी को भी बारिश-ओलावृष्टि की संभावना है. सभी राज्यों में मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.
और पढ़ें
- 'जब तक मैं सीएम रहूंगा, मियां लोगों को परेशानी होगी', क्यों बोले असम सीएम हिमंत बिस्वा सरमा?
- 'नौकरियों का अकाल', शशि थरूर ने केंद्रीय बजट पर साधा निशाना; कहा- लोगों की परेशानी से बेखबर है सरकार
- 'अर्थशास्त्र का हर छात्र स्तब्ध रह गया होगा...', बजट 2026 को लेकर पी चिदंबरम ने वित्त मंत्री पर साधा निशाना