US Israel Iran War T20 World Cup 2026

सर्द हवाओं से उत्तर भारत में बढ़ी ठंड, इन राज्यों में बारिश का अलर्ट; जानें आने वाले दिनों में कैसी होगी मौसम की स्थिति

आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और तेज ठंड बढ़ेगी. उत्तर भारत में सर्द हवाओं और कोहरे से परेशानी बढ़ेगी जबकि दक्षिण भारत में उत्तर पूर्व मानसून भारी बारिश लाएगा.

Pinterest
Km Jaya

नई दिल्ली: देश में 15 से 19 नवंबर के बीच मौसम तेजी से बदलने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में बादल कई जगह रौद्र रूप दिखाएंगे और आंधी के साथ तेज बारिश होने की संभावना है. खासकर दक्षिण भारत में 4 से 5 दिन तक उत्तर पूर्व मानसून के कारण मौसम बिगड़ा रहेगा. 

तमिलनाडु, केरल, अंडमान निकोबार और कर्नाटक में 17 नवंबर तक भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं 18 और 19 नवंबर को बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बनने के आसार हैं, जिससे मौसम और भी खराब हो सकता है.

उत्तर भारत में कैसा होगा मौसम?

उत्तर भारत में सर्दी बढ़ने के साथ हवा की क्वालिटी भी बिगड़ती जा रही है. दिल्ली एनसीआर में एक्यूआई 400 के ऊपर पहुंच चुका है. धुंध और धुएं की परत लगातार बनी हुई है. मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार और रविवार को दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार में सर्द हवाएं चलने से न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास रहेगा. दिन में हल्की धूप रहेगी लेकिन रात और सुबह के समय तेज ठंड महसूस होगी. कई इलाकों में कोहरा भी छाया रहेगा.

पहाड़ी क्षेत्रों में कैसी है मौसम की स्थिति?

उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर में शीतलहर चलने से तापमान तेजी से गिर रहा है. कई ऊंचाई वाले स्थानों पर न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है. हालांकि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के एक्टिव न होने से फिलहाल बड़ी बर्फबारी का अनुमान नहीं है, लेकिन 16 नवंबर को हल्की बारिश और ऊंचे स्थानों पर बर्फ गिर सकती है.

यूपी और बिहार में कितना है तापमान?

यूपी और बिहार में भी तापमान लगातार नीचे जा रहा है. कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया जा रहा है. पश्चिमी विक्षोभ के कारण आने वाले दिनों में कुछ बादलों की आवाजाही हो सकती है. सुबह और शाम के समय ठंड का असर बढ़ेगा और कई जगह कोहरा छाएगा. बिहार में भी कोहरा और ठंड दोनों तेजी से बढ़ेंगे.

कहां है सबसे ज्यादा शीतलहर का असर?

मध्य प्रदेश में शीतलहर का असर सबसे ज्यादा दिख रहा है. इंदौर, शिवपुरी, नौगांव और जबलपुर जैसे शहरों में तापमान 8 से 9 डिग्री के बीच दर्ज किया जा रहा है, जो सामान्य से काफी कम है. छत्तीसगढ़ में भी रायपुर, दुर्ग और अंबिकापुर जैसे शहरों में पारा गिरने से ठंड बढ़ गई है. झारखंड में भी मौसम लगभग यही स्थिति दिखा रहा है. तीनों राज्यों में घना कोहरा और सर्द हवाओं के कारण आम जनजीवन पर असर पड़ेगा.

दिल्ली में कैसी है स्थिति?

दिल्ली में अभी आसमान साफ रहेगा लेकिन कोहरे की परत बढ़ेगी. न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री और अधिकतम 25 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है. वायु गुणवत्ता भी कई इलाकों में गंभीर स्तर पर बनी रहेगी.