उत्तर भारत में दो दिनों से आंधी-तूफान का कहर जारी था. लेकिन अब मौसम ने करवट ली है. कई राज्यों में आज गर्मी तो वहीं10 राज्यों के कुछ-कुछ जिलों में बारिश के आसार जताए गए हैं.
IMD द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक दिल्ली, यूपी और बिहार समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में एक बार फिर से गर्मी बढ़ने वाली है. हालांकि दक्षिण और पूर्वी राज्यों के कुछ जिलों में आज भी बारिश के अलर्ट जारी किए गए हैं. ऐसे में कहीं भी निकलने से पहले मौसम का हाल जान लें.
दिल्ली-एनसीआर में आज से गर्मी बढ़ने की संभावना है. एकदम से नहीं लेकिन धीरे-धीरे मौसम में बदलाव शुरु हो रहा है. तापमान धीरे-धीरे फिर से 40 के पार पहुंचने वाला है. आंधी-बारिश के बाद अचानक पड़ने वाली गर्मी से लोगों की तबीयत बिगड़ सकती है, इसलिए संभल कर चलें.
यूपी में कुछ दिनों से आंधी-बारिश के कारण भारी तबाही हुई. इस आंधी-बारिश में 70 से भी ज्यादा लोगों की मौत हो गई, वहीं कई बिजली के खंभे उखड़ गए. इसके कारण हजारों गांवों को अंधेरे में रहना पड़ा. अब मौसम में बदलाव होता नजर आ रहा है हालांकि यूपी के कुछ जिलों में आज भी बारिश की संभावना जताई गई है. बिहार की राजधानी पटना और उसके आसपास के जिलों में तापमान बढ़ने वाला है. हालांकि कटिहार, पूर्णिया जिले में शाम तक बूंदाबांदी हो सकती है.
झारखंड में आज भी बारिश का मौसम बना रहने वाला है. कई जिलों में ओला भी गिरने की संभावना है. इसके अलावा कुछ जिलों में बिजली भी गिर सकती है. इसलिए संभल कर रहने की सलाह दी गई है. तापमान में गिरावट आने से लोगों को राहत मिलेगी.
पहाड़ी राज्य हिमाचल और उत्तराखंड में भी धीरे-धीरे तापमान बढ़ेंगा. मैदानी इलाकों में गर्मी बढ़ेगी, वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम सुहाना रहने की उम्मीद है. कुछ इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है. पर्यटकों को मौसम देखकर बाहर निकलने की सलाह दी गई है. दक्षिणी राज्य तमिलनाडु में भी मौसम आज ठंडा रहेगा. मौसम विभाग ने बारिश की चेतावनी जारी की है.
मध्यप्रदेश में लू का कहर जारी रहने वाला है. तापमान में तेजी से वृद्धि होगी. हालांकि पचमढ़ी समेत कुछ इलाकों में बारिश की भी संभावना जताई गई है. वहीं कुछ जिलों को हीट जोन में रखा गया है. राजस्थान में भी मौसम मिला-जुला रहने वाला है. कुछ जिलों में तेज गर्मी रहेगी, वहीं कुछ इलाकों में शाम तक बारिश की उम्मीद है. महाराष्ट्र में उमस बढ़ेगी. जिससे लोगों की परेशानी थोड़ी बढ़ सकती है.