दिल्ली में बढ़ेगी उमस, बिहार-यूपी समेत पहाड़ी राज्यों में बारिश का अलर्ट; IMD ने दी चेतावनी
देशभर में मानसून का असर जारी है. मौसम विभाग ने 22 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. पूर्वोत्तर, बिहार और पश्चिम बंगाल में अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है, जबकि दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल बारिश के आसार कम हैं और उमस बढ़ सकती है.
देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून सक्रिय बना हुआ है. लगातार हो रही बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ है. इसी बीच भारत मौसम विभाग ने देश के 22 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों तक पूर्वोत्तर भारत, बिहार और पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश जारी रह सकती है.
मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों और पश्चिम मध्य तथा दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के अधिकांश हिस्सों में अगले छह से सात दिनों तक सामान्य से कम वर्षा हो सकती है. वहीं तटीय आंध्र प्रदेश में 13 से 15 जुलाई के बीच लू चलने की आशंका है. इसके अलावा ओडिशा, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गर्म और उमस भरा मौसम बना रह सकता है.
इन राज्यों में बारिश को लेकर चेतावनी
आईएमडी के अनुसार अगले कुछ घंटों के भीतर हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, तेलंगाना, सिक्किम, असम समेत कुल 22 राज्यों में बारिश की संभावना है. कई स्थानों पर गरज चमक और तेज हवाओं के साथ वर्षा हो सकती है. दिल्ली-एनसीआर में पिछले दिनों हुई बारिश के बाद फिलहाल मौसम शुष्क रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार 14 से 18 जुलाई के बीच बारिश के संकेत नहीं हैं. हालांकि आसमान में बादल छाए रहेंगे, लेकिन तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने से लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है.
Also Read
यूपी, बिहार और पहाड़ी राज्यों में विशेष सतर्कता
उत्तर प्रदेश में 14 से 19 जुलाई के बीच कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 17 से 19 जुलाई के बीच भारी बारिश हो सकती है. बिहार में 14 और 15 जुलाई को व्यापक वर्षा के साथ कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भी अगले कई दिनों तक बारिश, गरज चमक और तेज हवाओं का अनुमान है. इन राज्यों में भूस्खलन, जलभराव और पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. वहीं झारखंड में भी 14 से 17 जुलाई के बीच व्यापक बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.