menu-icon
India Daily

देश के इन 16 राज्यों में आज बारिश-आंधी का अलर्ट, पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा

मानसून के सक्रिय रहने के कारण 13 अगस्त को देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश समेत 16 राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
देश के इन 16 राज्यों में आज बारिश-आंधी का अलर्ट, पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा
Courtesy: ANI

मानसून के चलते देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात और महाराष्ट्र के कई इलाकों में बारिश के साथ आंधी और गरज-चमक हो सकती है. 

मौसम खराब होने के दौरान लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और कमजोर ढांचों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है. किसानों और मछुआरों को भी मौसम का पूर्वानुमान देखकर ही जरूरी गतिविधियां करने की सलाह है.

उत्तर प्रदेश और बिहार में भारी बारिश का खतरा

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज बारिश और गरज-चमक की चेतावनी है. गौतमबुद्ध नगर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, आगरा, कानपुर, जौनपुर और सोनभद्र समेत कई इलाकों में मौसम खराब रह सकता है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश और आंधी की संभावना है. लखनऊ में अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. बिहार के गया, पटना, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, नालंदा, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सुपौल, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार और मुंगेर समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. पटना में तापमान 34 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.

पहाड़ी राज्यों में बढ़ा भूस्खलन का खतरा

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश को लेकर खास चेतावनी है. उत्तराखंड के बागेश्वर, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार और ऋषिकेश में भारी बारिश हो सकती है. 14 अगस्त को कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश का खतरा बताया गया है.

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, मंडी, चंबा, सोलन, कांगड़ा, सिरमौर, किन्नौर और ऊना समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है. लगातार बारिश से पहाड़ी सड़कों पर भूस्खलन और यातायात बाधित होने का खतरा बढ़ सकता है. जम्मू-कश्मीर के डोडा, राजौरी, पुंछ, बारामूला, कठुआ और किश्तवाड़ में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है. पश्चिम बंगाल में कोलकाता, हावड़ा, मालदा, दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और मुर्शिदाबाद समेत कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक हो सकती है.

राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में भी असर

राजस्थान के जयपुर, उदयपुर, अजमेर, कोटा और टोंक समेत कई जिलों में बारिश और आंधी का अनुमान है. मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर, खंडवा और पन्ना समेत कई इलाकों में मौसम बिगड़ सकता है. गुजरात, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.