menu-icon
India Daily

ठंड करेगी पलटवार! बारिश-बर्फबारी और घने कोहरे से थम सकती है रफ्तार, IMD ने 10 राज्यों में जारी किया अलर्ट

9 फरवरी को मौसम फिर करवट ले रहा है. IMD ने बारिश, बर्फबारी और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है. पश्चिमी विक्षोभ से पहाड़ों पर बर्फ और मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ने के आसार हैं.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
ठंड करेगी पलटवार! बारिश-बर्फबारी और घने कोहरे से थम सकती है रफ्तार, IMD ने 10 राज्यों में जारी किया अलर्ट
Courtesy: grook

नई दिल्ली: फरवरी की शुरुआत में राहत के बाद सर्दी एक बार फिर लौटती नजर आ रही है. भारतीय मौसम विभाग ने 9 फरवरी 2026 के लिए कई राज्यों में बारिश, बर्फबारी और घने कोहरे की चेतावनी जारी की है. हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर मैदानी इलाकों तक महसूस किया जा सकता है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पहाड़ों पर बर्फबारी से तापमान में गिरावट आएगी और सुबह-शाम ठंड बढ़ेगी.

पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र की ओर बढ़ रहा है. इसका प्रभाव 9 फरवरी से दिखाई देगा. उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है. 10 और 11 फरवरी तक यह सिस्टम असर दिखा सकता है. कुछ इलाकों में बिजली चमकने और 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है.

इन राज्यों में बर्फबारी का अलर्ट

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित और बाल्टिस्तान में आज बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है. पहाड़ी इलाकों में तापमान तेजी से गिरने के संकेत हैं. IMD ने लोगों को सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त ऊनी कपड़े पहनने की सलाह दी है. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में फिसलन और दृश्यता कम होने की आशंका भी जताई गई है.

मैदानी इलाकों में लौटेगी ठंड

दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में हाल के दिनों में ठंड से कुछ राहत मिली थी. लेकिन पहाड़ों में बर्फबारी के बाद इन राज्यों में तापमान फिर गिर सकता है. राजस्थान के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो ठंड के दोबारा बढ़ने के संकेत दे रहा है.

घने कोहरे ने बढ़ाई परेशानी

IMD के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में 9 और 10 फरवरी की सुबह और रात घना कोहरा छा सकता है. बरेली और गोरखपुर जैसे शहरों में दृश्यता बेहद कम रहने की संभावना है. इसके अलावा बिहार, उत्तरी तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भी सुबह के समय कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है.