West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

10 से ज्यादा राज्यों में तेज आंधी के साथ बारिश का अलर्ट, यहां जानें कैसा रहेगा आज का मौसम

देश के अलग-अलग राज्यों में मौसम ने करवट ले ली है. पूर्व से लेकर दक्षिण के राज्यों में तेज बारिश के कारण लोगों की मुश्किलें बढ़ रही हैं.

ANI
Shanu Sharma

देश के कई हिस्सों में मौसम की चाल बदल गई है. दक्षिण से लेकर पूर्व तक के राज्यों में तेज आंधी-बारिश ने लोगों के लिए परेशानी बढ़ा दी है. भारत के मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक के लिए तेज आधी के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.

IMD द्वारा दी गई  जानकारी के मुताबिक उत्तर-पश्चिम भारत में नया मौसमी सिस्टम सक्रिय होने वाला है, जिससे 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाएं चल सकती हैं. नए सिस्टम की वजह से दक्षिण के राज्यों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

दिल्ली और आसपास के राज्यों में मौसम का हाल

राजधानी दिल्ली का मौसम इन दिनों सूखा और गर्म होता जा रहा है. आज से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी शुरू हो चुकी है. स्काईमेट के पूर्वानुमान के मुताबिक, शुक्रवार तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है. हालांकि शाम के समय में आसमान में हल्का बादल देखने को मिल सकता है.

उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर से बदल रहा है. कानपुर समेत कई जिलों में सुबह से आंधी-तूफान और तेज बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने 7 मई को राज्य के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक, 50-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं का अलर्ट जारी किया है.

बिहार में 7 से 10 मई तक कई जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है. हालांकि दिन में उमस बढ़ेगी, लेकिन बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है. राजस्थान में मौसम दो रंग दिखाएगा. पूर्वी भागों में हल्की बारिश और तेज हवाओं का असर रह सकता है, जबकि पश्चिमी राजस्थान में तापमान बढ़ेगा. पर्यटकों और किसानों को मौसम पर नजर बनाएं रखने की सलाह दी गई है.

पहाड़ों में कैसा रहेगा मौसम?

उत्तराखंड में 7 और 8 मई को पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है. देहरादून, नैनीताल, पिथौरागढ़ और चमोली में मौसम सुहावना बना रहेगा, जबकि मैदानी इलाकों में हल्की गर्मी महसूस हो सकती है. हिमाचल प्रदेश में 11-12 मई को पश्चिमी विक्षोभ के असर से बारिश और तेज हवाओं का नया दौर शुरू हो सकता है. शिमला, मनाली, धर्मशाला और सोलन में बादल छाए रहेंगे और ठंडी हवाएं चलेंगी.