चिकन रोल खाने के बाद परिवार के 4 लोगों की बिगड़ी तबीयत, 14 साल के बच्चे की हुई मौत; होटल मालिक फरार

गुजरात के भरूच में चिकन रोल खाने के बाद एक परिवार के चार लोगों की तबीयत बिगड़ गई. 14 वर्षीय किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई.

X
Ashutosh Rai

Chicken Roll Case: गुजरात के भरूच जिले के पालेज से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. एक परिवार के चार सदस्यों ने चिकन रोल खाने के बाद उल्टी और दस्त की शिकायत की. इलाज के दौरान 14 वर्षीय पूर्व कुमार की मौत हो गई. अब पुलिस और खाद्य विभाग मामले की जांच कर रहे हैं.

चिकन रोल खाने के अगले दिन बिगड़ी तबीयत

मामला पालेज के एसके नगर इलाके का है. शिकायत के मुताबिक, 8 अगस्त की शाम 14 वर्षीय पूर्व कुमार और उसकी बहन मोनिका इमली स्टैंड के पास स्थित सागर होटल से चार चिकन रोल खरीदकर घर लाए थे. परिवार के चार सदस्यों ने उसे खाया. अगले दिन सभी की तबीयत अचानक खराब हो गई. उन्हें उल्टी-दस्त होने लगे. रविवार होने के कारण परिवार ने शुरुआत में स्थानीय स्तर पर इलाज कराया. 10 अगस्त की सुबह हालत ज्यादा बिगड़ने पर चारों को पालेज के सरकारी अस्पताल ले जाया गया. पूर्व कुमार की हालत सबसे गंभीर थी. उसे पहले भरूच सिविल अस्पताल और फिर वडोदरा के एसएसजी अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

खाद्य विभाग और एफएसएल ने होटल से लिए सैंपल


घटना के बाद खाद्य सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं. भरूच फूड एंड ड्रग्स विभाग और एफएसएल की टीम ने पुलिस के साथ सागर होटल पहुंचकर जांच की. अधिकारियों ने होटल में रखी खाद्य सामग्री, साफ-सफाई और खाना बनाने की व्यवस्था को देखा. टीम ने अलग-अलग चीजों के नमूने भी लिए, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा गया है. फिलहाल यह साफ नहीं है कि परिवार के बीमार पड़ने और किशोर की मौत का कारण चिकन रोल ही था या इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी. खाद्य विभाग अब यह भी पता लगा रहा है कि खाने में किसी तरह की मिलावट या खराब सामग्री तो इस्तेमाल नहीं हुई थी. रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी.

पोस्टमार्टम और लैब रिपोर्ट का इंतजार

पालेज पुलिस स्टेशन के पीआई एनके डाभी के अनुसार, फिलहाल दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस पूर्व कुमार के पोस्टमार्टम और विसरा रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. इन रिपोर्टों से उसकी मौत की असली वजह पता लगाने में मदद मिलेगी. दूसरी ओर, खाद्य विभाग की ओर से लिए गए सैंपल की जांच रिपोर्ट भी मामले में अहम होगी. अधिकारियों के मुताबिक, रिपोर्ट सामने आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी. जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि घटना के बाद सागर होटल का मालिक फरार है.